हिमाचल की 4 सीटों पर 45 प्रत्याशियों ने ठोकी ताल

Saturday, May 18, 2019 - 10:38 PM (IST)

शिमला: हिमाचल में लोकसभा चुनाव की चार सीटों पर 19 मई को मतदान होगा। इन सभी सीटों पर कुल 45 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। बताया जा रहा है कि मंडी संसदीय क्षेत्र में सबसे अधिक 17 प्रत्याशी चुनाव मैदान में है हमीरपुर और कांगड़ा संसदीय क्षेत्रों में 11-11 प्रत्याशी चुनाव मैदान में है। सबसे कम 6 प्रत्याशी शिमला संसदीय क्षेत्र में है। छंटनी प्रक्रिया के दौरान 9 नामांकन रद्द कर दिए गए थे। हालांकि मुख्य मुकाबला आमतौर पर बीजेपी व कांग्रेस के बीच ही रहता आया है, मगर इस बार बसपा ने भी चारों सीटों पर प्रत्याशी उतारे हैं।

जानकारी के मुताबिक रविवार सुबह सात से शाम 6 बजे तक प्रदेश के 7730 पोलिंग बूथ पर वोटिंग होगी। राज्य निर्वाचन विभाग की ओर से प्रदेश में कुल 7723 पोलिंग बूथ बनाए गए है लेकिन 7 ऐसे बूथ हैं जिन्हें एडिशन किया गया। इस बार के लोकसभा चुनाव में प्रदेश की चार सीटों पर सांसदों का फैसला 53,30,154 मतदाता करेंगे, जिसमें 27,24,111 पुरूष मतदाता, 26,05,996 महिला मतदाताओं के अलावा 47 थर्ड जेंडर मतदाता दर्ज हैं।


प्रदेश के 773 पोलिंग बूथ पर वैब कास्टिंग की जाएगी। चुनाव आयोग ने विधासभा चुनाव में भी ऐसा प्रयास किया था लेकिन उस दौरान पूरी तरह से यह सफल नहीं हो पाया था। इस बार वैब कास्टिंग का जिम्मा बी.एस.एन.एल. को दिया गया है। मतदान प्रक्रिया संपन्न होने के बाद सभी ई.वी.एम. और वी.वी.पैट संबंधित डिवीजन व सब डिवीजन मुख्यालय में स्थापित वीयर हाऊस में रखी जाएगी। सोमवार सुबह सभी ई.वी.एम. व वी.वी.पैट प्रदेश में 18 जगह स्थापित किए गए स्ट्रांग रूम को शिफ्ट की जाएंगी तथा आगामी 23 मई को इनकी मतगणना होगी।

वहीं बताया जा रहा है कि शिमला में मुकाबला भाजपा के सुरेश कश्यप और कांग्रेस के कर्नल धनी राम शांडिल के बीच है। कभी कांग्रेस की रही इस सीट पर पिछली दो बार से भाजपा जीत दर्ज कर रही है। मंडी सीट पर भाजपा ने मौजूदा सांसद रामस्वरूप पर भरोसा जताया है। वहीं सुखराम के पोते आश्रय शर्मा कांग्रेस प्रत्याशी हैं। यह सीट इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि यह मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का गृहक्षेत्र भी है। भौगोलिक रूप से इसमें कुल्लू, लाहुलस्पीति और किन्नौर जिले भी आते हैं, जबकि चंबा का जनजातीय हलका भरमौर भी इसी में है।

kirti