'मजबूर सरकार बनाम मजबूत सरकार' होगा लोकसभा चुनाव

Friday, Mar 29, 2019 - 02:19 PM (IST)

शिमला (योगराज): हिमाचल प्रदेश भाजपा ने प्रत्याशियों के नाम के ऐलान के बाद चुनाव प्रचार भी तेज कर दिया है। भाजपा ने प्रदेश सरकार के मंत्रियों को अपने प्रत्याशी के साथ चुनावी प्रचार में उतार दिया है। भाजपा ने शिमला संसदीय क्षेत्र से इस बार सीटिंग सांसद का टिकट काट कर सिरमौर के पच्छाद से विधायक सुरेश कश्यप पर भरोसा जताया है। शिमला संसदीय क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी सुरेश कश्यप ने शिमला में पत्रकार वार्ता में कहा है कि पार्टी ने उन पर जो भरोसा जताया है उसमें वे खरा उतरने का प्रयास करेंगे। कश्यप ने कहा है कि वीरेंद्र कश्यप के मार्गदर्शन में चुनाव मैदान में जाएंगे। कश्यप ने कहा कि ट्रांसगिरी क्षेत्र में हाटी समुदाय के लोगों को ट्राइबल में लाने के लिए आरजीआई ने मांग को स्वीकार नहीं किया है उसको फिर आरजीआई के सामने उठाया जाएगा।

केंद्र की पांच साल की उपलब्धियां व हिमाचल सरकार के विकास का एक साल जनता तक ले जाएंगे और शिमला की जनता मौका देगी तो विकास की लहर को आगे बढ़ाएंगे। आगामी लोकसभा चुनाव मजबूर सरकार बनाम मजबूत सरकार होगा। शिमला संसदीय क्षेत्र से वर्तमान भाजपा सांसद वीरेंद्र कश्यप ने कहा है कि पिछले दस साल से प्रदेश के लोगों और पार्टी के शीर्ष नेतृत्व की वजह से उन्हें संसद में जाने का मौका मिला। प्राइवेट मेम्बर रेजुलेशन को भी उन्होंने ही सबसे पहले संसद में लाया था। वीरेंद्र कश्यप ने कहा कि मोदी सरकार की बदौलत ही आज आठ करोड़ गरीब लोगों को सब्सिडी पर गैस सिलिंडर मिलते हैं।कश्यप ने कहा कि ट्रांसगिरी क्षेत्र के हाटी समुदाय के लोगों को ट्राइबल दर्जा मिलना चाहिए।इसके लिए उन्होंने केंद्र सरकार से मामले को उठाया और काफी हद तक उसमें कामयाबी भी हासिल की है।

प्रदेश को केंद्र सरकार 69 नेशनल हाई वे प्रदेश को मिले हैं जिनमे से 27 शिमला लोकसभा क्षेत्र को हासिल हुए हैं। प्रदेश सरकार नेशनल हाई वे के काम में तेजी ला रही है। पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने जो फैसला लिया है वे उसका सम्मान करते हैं। वहीं सुरेश भारद्वाज ने कहा है कि प्रदेश कांग्रेस पार्टी के नेता चुनाव लड़ने से डर रहे हैं।चारों लोकसभा क्षेत्र से प्रत्याशी चुनाव लड़ने से इंकार कर रहे हैं। आतंकवादियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने में कांग्रेस की सरकारों की इच्छा शक्ति नहीं थी लेकिन भाजपा सरकार ने पुलवाला घटना के बाद आतंकवादियों के खिलाफ की गईं सर्जिकल स्ट्राइक करके अपनी इच्छा शक्ति दर्शा दी है। नरेंद्र मोदी ने हिमाचल प्रदेश की पहचान दुनिया में दिलाई है। भारद्वाज ने ठियोग हाटकोटी सड़क की खस्ता हालत को लेकर कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया है।

Ekta