'वक्त है बदलाव का' नारे के साथ कांग्रेस ने किया लोकसभा चुनाव का शंखनाद(Video)

Tuesday, Mar 12, 2019 - 04:04 PM (IST)

शिमला (योगराज): 'वक्त है बदलाव का' नारे के साथ हिमाचल कांग्रेस ने जन चेतना यात्रा का शिमला से आगाज कर दिया है। लोकसभा चुनाव के शंखनाद के साथ ही हिमाचल प्रदेश कांग्रेस ने तैयारियां भी जोरों-शोरों से शुरू कर दी है। प्रदेश कांग्रेस ने केंद्र को मोदी सरकार और हिमाचल सरकार की जन विरोधी नीतियों के खिलाफ शिमला से जन चेतना यात्रा को रवाना कर दिया है, जिसे बिलासपुर से शहीद की पत्नी सुनीता ने शिमला से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। शहीद की पत्नी से यात्रा को रवाना करवाने के कांग्रेस ने शहीदों को सम्मान देना बताया। पहले चरण में यात्रा शिमला संसदीय क्षेत्र में 12 मार्च से 14 मार्च तक शिमला से कंडाघाट होते हुए सोलन के बद्दी में सम्पन होगी। 

यात्रा को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और कहा कि केन्द्र की मोदी सरकार ने पिछले पांच सालों में जुमलेबाजी कर केवल मूर्ख बनाने का काम किया है। प्रदेश के चारों सांसद भी हिमाचल के विकास के लिए कुछ नहीं कर पाए। हिमाचल कांग्रेस लोगों कर बीच में जाकर भाजपा सांसदों की निष्क्रियता को उजागर करेगी जिससे चुनावों में जनता कांग्रेस को अपना मत दे। वहीं टिकटों को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हाईकमान बहुत जल्द प्रत्याशियों के नामों पर मोहर लगा देगा।

कुलदीप सिंह ने प्रदेश की चारों लोकसभा सीटों पर कांग्रेस की जीत का दावा किया है और कहा कि देश में बदलाव की लहर है। कांग्रेस देश मे राहुल गांधी के नेतृत्व में सरकार बनाएगी। यात्रा के दौरान कांग्रेस सांसद से क्षेत्र के विकास को कितनी केंद्रीय योजनाएं लाए, सांसद निधि कहां-कहां और कैसे दी, इसको लेकर कांग्रेस सवाल पूछेगी। इसके बाद कांग्रेस अन्य लोकसभा क्षेत्रों में जन चेतना यात्रा करेगी।

Ekta