कांग्रेस के 35 ब्लॉक अध्यक्षों के नामों की सूची तैयार, राठौर को सौंपी रिपोर्ट

Friday, Sep 20, 2019 - 11:43 PM (IST)

शिमला: प्रदेश कांग्रेस ने 35 ब्लॉक अध्यक्षों के नामों की सूची तैयार कर ली है। यह सूची उन ब्लॉक अध्यक्षों की है, जिन ब्लॉकों के तहत पार्टी प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक सर्वसम्मति से अध्यक्ष पद के लिए एक नाम की सिफारिश नहीं कर पाए थे, ऐसे में संबंधित ब्लाकों में अध्यक्ष के नामों पर फैसला लेने के लिए कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने वरिष्ठ नेता एवं विधायक कर्नल धनीराम शांडिल की अध्यक्षता में 3 सदस्यीय कमेटी का गठन किया था। इसी कड़ी में शुक्रवार को कमेटी की बैठक राजीव भवन में आयोजित हुई और शेष सभी ब्लॉक अध्यक्षों के नामों को फाइनल किया गया।

यह बैठक वरिष्ठ नेता कर्नल शांडिल की अध्यक्षता में हुई, जिसमें दोनों सदस्य विधायक इंद्र दत्त लखनपाल और पूर्व विधायक अजय महाजन भी मौजूद रहे। सूचना के अनुसार प्रदेश में कांग्रेस के 80 ब्लॉक हैं। ब्लॉक कार्यकारिणी के पुनर्गठन की प्रकिया के तहत 45 ब्लॉक अध्यक्ष नियुक्त कर दिए गए है, जबकि शेष 35 ब्लॉक अध्यक्षों के नामों की रिपोर्ट तैयार कर दी है। संबंधित रिपोर्ट कमेटी ने शुक्रवार देर शाम कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर को सौंप दी है, ऐसे में शनिवार को सभी नामों की सूची जारी की जा सकती है। सूचना के अनुसार पर्यवेक्षकों की रिपोर्ट के आधार पर ही कमेटी ने 35 ब्लॉक अध्यक्षों के नाम फाइनल किए।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव हरिकृष्ण हिमराल ने बताया कि गठित कमेटी ने शेष ब्लॉक अध्यक्षों के नामों की सूची तैयार कर पार्टी प्रदेशाध्यक्ष को सौंप दी है। हिमाचल कांग्रेस की प्रभारी रजनी पाटिल को पार्टी हाईकमान ने नई जिम्मेदारी सौंपी है। कांग्रेस हाईकमान ने महाराष्ट्र विधानसभा को देखते हुए पाटिल को पश्चिमी महाराष्ट्र तथा कोंकण क्षेत्र का प्रभारी बनाया है। देखा जाए तो ऐसे में अब पाटिल महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव की प्रक्रिया पूरी न हो जाने तक हिमाचल कांग्रेस को ज्यादा समय नहीं दे पाएंगी।

Vijay