गुरु नानक देव के 550वें प्रकाशोत्सव पर शबद कीर्तन से भक्तिमय होगा शिमला

Thursday, Sep 26, 2019 - 06:32 PM (IST)

शिमला (तिलक राज): गुरु नानक देव के 550वें प्रकाशोत्सव को राजधानी में भव्य तरीके से मनाया जाएगा। इस आयोजन का गवाह राजधानी का ऐतिहासिक रिज मैदान बनेगा। यह जानकारी वीरवार को पत्रकारों से बात करते हुए सिंह सभा के अध्यक्ष जसविंदर सिंह ने दी। उन्होंने कहा कि जहां इस आयोजन के लिए भव्य पंडाल बनाया जा रहा है, वहीं 8 वर्षों के बाद इस तरह का राज्य स्तरीय समारोह गुरु नानक देव के प्रकाशोत्सव को लेकर राजधानी में 28 और 29 सितम्बर को 2 दिनों तक आयोजित किया जा रहा है। इस आयोजन की शुरूआत 28 सितम्बर को नगर कीर्तन से होगी। इस बार न केवल नगर कीर्तन को लेकर भव्य तैयारी की गई है बल्कि बाहर से आने वाले रागी जत्थों के साथ ही इस कार्यक्रम में प्रदेश के केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सहित राज्यपाल भी शामिल होंगे।

नगर कीर्तन में सबसे आगे गजराज और उनके पीछे पंज प्यारों की अगुवाई में ये नगर कीर्तन आरंभ होगा। नगर कीर्तन के लिए हाथी की व्यवस्था भी गुरु सिंह सभा पिंजौर से कर रहा है। हाथी-घोड़ों के साथ ये शोभायात्रा शहर में निकलेगी। वहीं गुरु ग्रंथ साहिब को भी रिज मैदान तक लाने के लिए एक विशेष बस का प्रबंध किया गया है। हाथी-घोड़ों के साथ झांकियां भी नगर कीर्तन में शामिल होंगी। नगर कीर्तन डीसी ऑफिस, तारघर से शुरू होकर लोअर बाजार, शेर-ए-पंजाब, मालरोड, स्कैंडल प्वाइंट, रिज, मदर चॉइस, शिमला क्लब, हाईकोर्ट, कार्ट रोड होते हुए श्री गुरुद्वारा में पूरा होगा। रिज मैदान पर 5 बजे मुख्यमंत्री गुरु ग्रंथ साहिब की पालकी का स्वागत करने के लिए आएंगे।

रागी जत्थों में हजूर दरबार साहिब के बुर्कीत सिंह, पद्मश्री निर्मल सिंह खालसा, शिरोमणि रागी अमनदीप सिंह और सिख इतिहास के बारे में जानकारी देने के लिए सुखबीर सिंह उदोखे और डॉक्टर रूप सिंह जी भी आयोजन में शामिल होंगे। इसके साथ ही आयोजन में अकाल तख्त साहिब, ज्ञानी रघुवीर जत्थेदार आनंदपुर साहिब, सिंह साहिब जगतार सिंह हैड ग्रंथी दरबार साहिब, शिरोमणि अकाली दल के प्रधान सुखबीर सिंह बादल, दिल्ली गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी प्रधान मनजिंदर सिंह सिरसा आयोजन में शामिल होंगे। गुरु नानक देव जी के 550वेंं प्रकाशोत्सव पर सिख समुदाय के अलग-अलग दल गतका की प्रस्तुतियां देंगे। प्रोफैशनल दल अलग-अलग क्षेत्रों से गतका की प्रस्तुतियों के लिए राजधानी शिमला पहुंचेंगे और गतका की प्रस्तुतियां देकर सिख संस्कृति और इतिहास के बारे में अवगत करवाएंगे।

उन्होंने बताया कि इस बार के आयोजन में अलग-अलग संगत द्वारा भंडारों का आयोजन किया जाएगा। वहीं आयोजन में संगत को लाने के लिए बसों का प्रावधान भी किया गया है। प्रदेशभर से संगत इस आयोजन में पहुंचेगी, ऐसे में विशाल आयोजन को देखते हुए यातायात व कानून व्यवस्था को बनाए रखने का जिम्मा भी जिला प्रशासन को सौंपा गया है। आयोजन में आने वाली संगत को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए पार्किंग, पेयजल व्यवस्था, लंगर व्यवस्था, समागम से संबंधित गतिविधियों के दायित्व को संभालने के लिए संबंधित विभागों को आदेश दिए गए हैं। पुलिस प्रशासन भी आयोजन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा रखेगा ताकि किसी तरह की घटना आयोजन के दौरान न हो। आयोजन के लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में कमेटी गठित की गई है ताकि कार्यक्रम का सफल आयोजन किया जा सके।

Vijay