पहाड़ों पर लोगों के लिए रूकी लाइफ लाइन, करना पड़ रहा कठिनाइयों का सामना

Tuesday, Jan 08, 2019 - 10:34 AM (IST)

शिमला (देवेंद्र): प्रदेश में बर्फबारी के कारण 108 सड़कों पर सोमवार को भी वाहनों की आवाजाही शुरू नहीं हो पाई है। पहाड़ों में लोगों की लाइफ लाइन कहे जाने वाली सड़कों के बंद होने से लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इस वजह से प्रदेशभर में दूसरे दिन भी 95 से ज्यादा बस रूट प्रभावित हुए हैं। सड़कें अवरुद्ध होने से शिमला, कुल्लू, किन्नौर, चम्बा व लाहौल-स्पीति जिला के कुछ स्थानों में सोमवार को दूध व ब्रैड जैसी दैनिक उपभोग की वस्तुओं की सप्लाई भी नहीं पहुंच पाई है। पी.डब्ल्यू.डी. महकमा सोमवार शाम तक 86 सड़कों को ही वाहनों के लिए बहाल कर पाया है। दावा किया जा रहा है कि मंगलवार शाम तक 104 अन्य सड़कों को खोल दिया जाएगा। 


शिमला जोन में सबसे ज्यादा 58 सड़कें, मंडी जोन में 33 सड़कें और कांगड़ा जोन में 13 सड़कें दूसरे दिन भी बंद रहीं। प्रदेश में हुई बर्फबारी के कारण पी.डब्ल्यू.डी. को 9.30 करोड़ रुपए का नुक्सान आंका गया है। शिमला जोन में सबसे ज्यादा 4.46 करोड़ रुपए, मंडी जोन में 1.19 करोड़ रुपए, कांगड़ा जोन में 2.71 करोड़ रुपए तथा एन.एच. को 94.85 लाख रुपए की क्षति हुई है। लोक निर्माण विभाग ने बंद पड़ी सड़कों को बहाल करने के लिए 23 सरकारी जे.सी.बी. और 92 निजी जे.सी.बी. हायर कर रखी हैं। इसी तरह 11 डोजर और 7 टिप्पर सड़कों से बर्फ हटाने में जुटे हुए हैं। जिन सड़कों को बहाल कर दिया गया है उन पर कोहरा जमने से सफर जोखिम भरा हो गया है। कुफरी, गलू, फागू, नारकंडा, खड़ापत्थर व चौपाल के खिड़की में इस वजह से कई वाहन सड़क किनारे फंसे हुए हैं।

 

Ekta