मंडी के रेहड़धार में 30 दिन का खौफ खत्म! पिंजरे में कैद हुआ खूंखार तेंदुआ, ग्रामीणों ने ली राहत की सांस

punjabkesari.in Friday, Aug 28, 2026 - 10:45 PM (IST)

मंडी (रजनीश): मंडी शहर से सटे रेहड़धार क्षेत्र में पिछले एक महीने से दहशत का पर्याय बना तेंदुआ आखिरकार वन विभाग की पकड़ में आ गया है। शुक्रवार सुबह यह खूंखार तेंदुआ वन विभाग द्वारा लगाए गए पिंजरे में दहाड़ता हुआ पाया गया। इसके पकड़े जाने के बाद से लगातार खौफ के साये में जी रहे स्थानीय ग्रामीणों और विशेषकर पशुपालकों ने राहत की सांस ली है।

बता दें कि इस जंगली जानवर ने पूरे इलाके में भारी तबाही मचा रखी थी। पिछले मात्र एक महीने के भीतर इस तेंदुए ने 67 भेड़ों, 1 बकरी और 1 कुत्ते को बेरहमी से अपना शिकार बना लिया था। पशुधन के इस भारी नुक्सान और रिहायशी इलाकों में तेंदुए की लगातार दस्तक के कारण लोगों का शाम के समय घरों से निकलना मुश्किल हो गया था।

तेंदुए के लगातार बढ़ते हमलों को देखते हुए डीसीएफ मंडी संजीव शर्मा के निर्देशों पर वन विभाग की एक विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम ने तेंदुए की मूवमेंट ट्रैक करने के लिए इलाके में 4 सीसीटीवी कैमरे और 2 पिंजरे स्थापित किए। कैमरों की फुटेज से खुलासा हुआ कि तेंदुआ त्रहु नाला के आसपास सबसे ज्यादा सक्रिय था। सटीक लोकेशन मिलने के बाद विभाग ने वीरवार रात को त्रहु नाला के पास पिंजरे लगाए और तेंदुए को ललचाने के लिए उनमें दो भेड़ें बांध दीं। शुक्रवार सुबह शिकार के लालच में आया यह तेंदुआ पिंजरे में फंस गया।

इस सफल रैस्क्यू ऑप्रेशन के बाद डीसीएफ मंडी संजीव शर्मा ने बताया कि तेंदुए को पूरी तरह से सुरक्षित निकाल लिया गया है। फिलहाल उसे प्राथमिक चिकित्सा और स्वास्थ्य जांच के लिए कांगू भेजा गया है। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद वन्यजीव अधिनियम के नियमानुसार अगली विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी और उसे सुरक्षित प्राकृतिक आवास में शिफ्ट करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay