समिट्री के कब्रिस्तान में घुसा तेंदुआ, कुत्ते को बनाया शिकार

Saturday, Aug 01, 2020 - 09:38 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): उपनगर संजौली के साथ लगते समिट्री में शनिवार रात तेंदुए ने एक कुत्ते को अपना शिकार बनाया। यह घटना समिट्री गेट के साथ लगते कब्रिस्तान के समीप रात एक बजे की बताई जा रही है। रिहायशी इलाके में तेंदुए की दस्तक से लोग दहशत में हैं क्योंकि यहां आसपास काफी संख्या में लोग रहते हैं। बहुत से लोग देर रात दफ्तरों से ड्यूटी देकर अपने घरों को लौटते हैं, ऐसे में पॉश इलाके में तेंदुए का आना अच्छा संकेत नहीं है। खासकर महिलाएं व बच्चे अधिक डरे हुए हैं।

2 दिन पहले ही फागली के साथ लगते रामनगर में भी एक तेंदुआ शिकार की तलाश में रिहायशी इलाके में घुस आया था। अब समिट्री में कुत्ते को शिकार बनाया है। शिमला के नव बहार, मल्याणा, रेलवे स्टेशन, लोअर कैंथू, बैनमोर, हाऊसिंग बोर्ड कालोनी संजौली, कुफ्टाधार इत्यादि इलाकों में कई बार तेंदुआ देखा जा चुका है। जिस तरह से जंगल सिकुड़ते जा रहे हैं, उसके बाद तेंदुए रिहायशी इलाकों में दस्तक दे रहे हैं।

Vijay