Himachal: BJP के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की ताजपोशी के गवाह बने हिमाचल के नेता, जेपी नड्डा की विदाई पर जयराम ने कही ये बड़ी बात

punjabkesari.in Tuesday, Jan 20, 2026 - 06:33 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): भाजपा के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की ताजपोशी के गवाह हिमाचल प्रदेश भाजपा के नेता भी बने। इन्होंने भाजपा के सबसे युवा अध्यक्ष नितिन नबीन को बधाई दी तथा हिमाचल प्रदेश से संबंध रखने वाले निर्वतमान राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के कामकाज की सराहना की। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर रहते हुए जगत प्रकाश नड्डा ने संगठन को नई दिशा दी। उन्होंने कहा कि हिमाचल की माटी के लाल जेपी नड्डा ने विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक दल के शीर्ष पद पर आसीन होकर जिस कुशलता के साथ संगठन का संचालन किया, वह प्रत्येक प्रदेशवासी के लिए गर्व का विषय है।

हिमाचल प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डाॅ. राजीव बिंदल ने भी नितिन नबीन को बधाई देने के साथ जगत प्रकाश नड्डा के कार्यकाल की सराहना की। उन्होंने कहा कि भाजपा को नड्डा ने जिस ऊंचाई पर पहुंचाया है, उसको आगे ले जाने में नए अध्यक्ष कामयाब होंगे। भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने नितिन नबीन को भारतीय राजनीति का उभरता युवा नेतृत्व बताया तथा जगत प्रकाश नड्डा के कार्यकाल की सराहना की। इसी तरह हिमाचल भाजपा प्रभारी श्रीकांत शर्मा, सांसद अनुराग ठाकुर, सांसद इंदु गोस्वामी, डाॅ. सिकंदर कुमार, पूर्व मंत्री गोविंद ठाकुर, विधायक पवन कुमार काजल, बिहारी लाल शर्मा, रश्मिधर सूद, संजीव कटवाल, पायल वैद्य, त्रिलोक कपूर, डेजी ठाकुर तथा सुरेश चंदेल सहित हिमाचल भाजपा के अन्य नेताओं ने भी भाजपा के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन काे बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News