अरुण जेटली का हिमाचल से रहा गहरा रिश्ता, चुनावी रणनीति बनाने में अदा किया अहम रोल

Sunday, Aug 25, 2019 - 10:42 AM (IST)

शिमला: हिमाचल के राज्यपाल कलराज मिश्र सहित भाजपा व कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने भी पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। स्व. अरु ण जेटली का हिमाचल से गहरा रिश्ता रहा है। लोकसभा चुनाव हो या प्रदेश में विधानसभा चुनाव, राज्य भाजपा की चुनावी रणनीति बनाने में उनका अहम रोल रहा। पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल व उनके परिवार के साथ जेतली के घनिष्ठ संबंध थे। केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर के नेतृत्व वाली एचपीसीए से जुड़े मामलों की पैरवी के लिए भी वह हमेशा खड़े रहे। इसके साथ ही प्रदेश में दूसरी बार धूमल को मुख्यमंत्री बनाने में उन्होंने अहम भूमिका निभाई। पूर्व वित्त मंत्री जेटली ने पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के खिलाफ कई दफा निशाना साधा था। हालांकि वर्ष 2014 में केंद्र में मोदी सरकार बनने के बाद वीरभद्र सिंह ने उनके खिलाफ दायर मानहानि का मामला वापस लेकर परिपक्व राजनेता की मिसाल कायम की थी।

जेटली के निधन से पार्टी को हुई क्षति: शांता

वहीं पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार ने कहा कि अरुण जेटली भारतीय जनता पार्टी के एक दिग्गज नेता थे। मुझे उनके साथ एक लंबा समय काम करने का मौका मिला था। उनके निधन से पार्टी को क्षति हुई। भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती सहित अनेक भाजपा नेताओं ने कहा कि जेतली राष्ट्र की सेवा में अंत समय तक लगे रहे।

एक पारिवारिक सदस्य व घनिष्ठ दोस्त खोया: बाली

नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि राजनीतिक रूप से चाहे हमारी विचारधाराएं नहीं मिलती थीं, राजनीतिक रूप से हमारा अनेक मसलों को लेकर मतभेद रहा लेकिन अरुण जेटली अपनी बात को स्पष्टवादिता के साथ रखते रहे हैं। पूर्व मंत्री जीएस बाली ने अरुण जेटली के निधन को पारिवारिक क्षति बताया है। उन्होंने कहा कि मैंने एक पारिवारिक सदस्य व घनिष्ठ दोस्त खोया है। बाली ने कहा कि अरुण जेटली के अस्पताल में भर्ती होने से कुछ दिन पहली उनकी अंतिम बार बातचीत हुई थी। उस दिन बात करते जेटली काफी भावुक भी हो गए थे।

दिल्ली जाएंगे मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर रविवार को दिल्ली दौरे पर रहेंगे। सूचना के अनुसार वह पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री के अंतिम संस्कार में उपस्थित होंगे। मुख्यमंत्री प्रात: साढ़े 8 बजे शिमला से दिल्ली के लिए रवाना होंगे तथा शाम 6 बजे वापस शिमला लौट आएंगे।

Vijay