Landslide की चपेट में आया शिमला! डंगा गिरने से दबी गाड़ियां, लोगों में खौफ (Video)

Tuesday, Jul 24, 2018 - 01:38 PM (IST)

शिमला (विकास): हिमाचल में हो रही भारी बारिश के कारण जगह-जगह भूस्खलन हो रहे हैं। मंगलवार को शिमला में भूस्खलन होने से 2 गाड़ियां दब गई। बताया जा रहा है कि ब्लॉक ए1 में नगर निगम द्वारा बनाए जा रहे पार्क का डंगा गिरने से गाड़ियां पूरी तरह डैमेज हो गई हैं। हालांकि इस घटना में किसी जानी नुकसान की सूचना नहीं है।


डंगा गिरने के कारण पेड़ भी गिरने की कगार में आ गया है, जिससे की आसपास के घरों को खतरा पैदा हो गया है। पेड़ घरों के ठीक ऊपर है और गिरने से कई घर इसकी चपेट में आ सकते हैं। विकास नगर में हुई इस घटना के बाद लोगों में खौफ का माहौल है। 


लोगों ने वन विभाग और नगर निगम पर आरोप लगाते हुए कहा कि दर्जनों घरों के लिए खतरा बने पेड़ को काटने के बारे में नगर निगम, वन विभाग और प्रशासन से गुहार लगाई गई है लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की। लोग गुस्से में हैं और इसी बीच नगर निगम के उप महापौर राकेश शर्मा मौके पर पहुंचे और लोगों ने खूब खरी खोटी सुनाई। उन्होंने कहा कि डर के मारे उन्हें पूरी रात घर से बाहर ही काटनी पड़ी। उल्लेखनीय है कि इससे पहले सोमवार को शहर के सबसे पोश इलाके में गिने जाने वाले न्यू शिमला में घरों के साथ बना डंगा गिरने से लोगों में दहशत का माहौल है। 

Ekta