जमीनी विवाद को लेकर पती की मौत, पत्नी ने 3 लोगों पर लगाया आरोप

Saturday, Jul 20, 2019 - 12:34 PM (IST)

मंडी(नीरज शर्मा): धर्मपुर उपमंडल की बहरी पंचायत के रथौन गांव में जमीनी विवाद को लेकर एक व्यक्ति की हत्या का मामला सामने आया है। पत्नी ने हत्या का आरोप नजदीकी तीन परिजनों पर लगाया है। मामला शुक्रवार शाम छह बजे का है। मृतक के माथे व नाक पर चोटें पाई गई हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा। शुरूआती जांच पड़ताल में जमीनी रंजिश हत्या का कारण लग रहा है।

पुलिस को दिए बयान में मृतक श्याम सिंह की पत्नी ब्यासा देवी ने बताया कि शुक्रवार शाम छह बजे वह बाड़ लगा कर घर को शाम का खाना बनाने के लिए आ गई और उसका पति अभी भी बाड़ लगाने वाली ज़मीन पर काम कर रहा था, लेकिन जब वह देर शाम साढ़े आठ बजे तक घर नहीं लौटा तो वह उसे ढूंढने के लिए निकल गई। तलाश करने पर उसने अपने पति को बेसुध हालत में पाया। चिल्लाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और जांच पर श्याम सिंह को मृत पाया। बताया जा रहा है कि बाड़बंदी के दौरान साथ लगती जमीन मालिकों ने इसका विरोध किया। इसे लेकर बहसबाजी व गाली गलौच भी हुई।

मृतक के पत्नी का आरोप है कि इसी दौरान हत्या की गई। सूचना मिलने पर धर्मपुर थाना प्रभारी सुरम सिंह धीमान के नेतृत्व में पुलिस दल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने मौके से तथ्य जुटाए। पुलिस को श्याम सिंह की पत्नी ब्यासा देवी ने बयान दिया कि उसके पति की तीन लोगों ने हत्या कर दी है। पुलिस ने मृतक की पत्नी के बयान के आधार पर तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल सरकाघाट भेज दिया है। डीएसपी सरकाघाट चंद्रपाल सिंह ने घटना की पुष्टि की है। बताया कि आईपीसी की धारा 302, 504, 34 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

kirti