बागान शैला देवता विवाद : जमीन कब्जाने और ''देवता के नाम पर बिजनैस'' करने का आरोप
punjabkesari.in Saturday, Oct 31, 2026 - 06:21 PM (IST)
कुल्लू (दिलीप): बागान शैला देवता के धार्मिक व सामाजिक कार्यक्रम के दौरान हुए विवाद नए मोड़ पर आ गया है। दूसरी पार्टी के तेजा सिंह ने मुख्य कारदार प्रेम सिंह और उनके पिता राम सिंह पर झूठी अफवाहें फैलाने का आरोप लगाया है। तेजा सिंह का दावा है कि जिस जमीन पर देवता को जबरन रखा जा रहा है, वह उनकी मिलकीयत है। उन्होंने कहा कि रास्ते से ऊपर की जमीन उनके नाम है, जबकि नीचे की जमीन राम सिंह की है, जिसके दस्तावेज उनके पास मौजूद हैं। उन्होंने बताया कि पूर्व में हुई पुलिस व पंचायत की कार्रवाई के दौरान राम सिंह ने खुद कबूला था कि जमीन तेजा सिंह की है और भविष्य में वहां देवता नहीं रखा जाएगा। पंचायत के फैसले के बाद ही वहां बाड़बंदी की गई थी, जिसे बाद देवता के माध्यम से उसे तोड़ दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रेम सिंह प्रशासन और पुलिस पर भी झूठे आरोप लगा रहे हैं।
इस विवाद में देवता शैला के मुख्य गुर राजू राम तेजा सिंह के समर्थन में उतर आए हैं। उन्होंने कहा कि देवता पहले उनके घर पर थे। उन्होंने आरोप लगाया कि देवता के नाम पर प्रेम सिंह और राम सिंह सिर्फ बिजनैस कर रहे हैं और उनके पास न तो कोई कागजात हैं, न ही वे यहां के स्थायी निवासी हैं। उन्होंने बताया कि दशहरा के दौरान उनके घर से देवता का सामान जबरन ले जाया गया और उन्हें देव नीति से बाहर कर दिया गया। उन्होंने प्रशासन से इस मामले में कड़ी कानूनी कार्रवाई करने मांग की है।

