हिमाचल में बड़ा हादसा, 300 फीट गहरी खाई में गिरी पंजाब के टूरिस्टों की गाड़ी...2 लोगों की मौत; 3 घायल
punjabkesari.in Friday, Jun 12, 2026 - 06:54 PM (IST)
Kullu Road Accident : हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में एक शुक्रवार दोपहर को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। यहां पर एक कार अनियंत्रित होकर करीब 300 फीट गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में कार सवार दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। वहीं, इस हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
300 फीट गहरी खाई में गिरी कार
जानकारी के मुताबिक, हादसा मणिकर्ण घाटी के सरसाड़ी में हुआ। कार में कुल पांच टूरिस्ट सवार थे। बताया जा रहा है कि सरसाड़ी के नजदीक शुक्रवार दोपहर बाद पंजाब के टूरिस्टों की गाड़ी करीब 300 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भयानक था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए। इस हादसे में कार सवार दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों ने बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
जांच में जुटी पुलिस
इधर, हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है। अभी हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। बताया जा रहा है कि कार सवार लोग कपूरथला से मनाली आए थे और फिर मणिकर्ण की तरफ जा रहे थे।

