Himachal : जंगल में चल रही रेव पार्टी में पुलिस ने मारा छापा, नशीले पदार्थों के साथ केरल और पंजाब के 2 युवक गिरफ्तार
punjabkesari.in Thursday, Jun 11, 2026 - 12:26 PM (IST)
Kullu News : हिमाचल प्रदेश की कुल्लू पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मणिकर्ण घाटी में कसोल के जंगल में चल रही एक रेव पार्टी पर आधी रात को छापा मारा है। इस दौरान भारी मात्रा में नशे की सामग्री के साथ केरल व पंजाब के दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार, आयोजकों ने इस पार्टी के आयोजन के लिए प्रशासन से सामान्य अनुमति ले रखी थी। लेकिन जब पुलिस टीम ने अचानक कार्यक्रम स्थल पर दबिश दी और संदिग्धों की तलाशी ली, तो उनके पास से नशे की सामग्री बरामद हुई। पुलिस ने मौके से केरल व पंजाब के दो लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान राहुल सांई (33 वर्ष) निवासी रागम-37, एर्नाकुलम (केरल) और चिराग भाटिया निवासी खरड़, जिला एसएएस नगर (पंजाब) के रूप में हुई है। यह कार्रवाई हिमाचल प्रदेश हाई कोर्ट के संज्ञान के बाद की गई है।
मामला दर्ज
राहुल सांई के कब्जे से 0.96 ग्राम कोकीन बरामद की गई है, जबकि चिराग भाटिया के पास से दो गुलाबी रंग की एक्स्टेसी गोलियां (सिंथेटिक ड्रग्स), पांच हिस्सों वाली एलएसडी पेपर स्ट्रिप, 1.31 ग्राम कोकीन और 2.7 ग्राम चरस बरामद हुई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ मणिकर्ण पुलिस थाने में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत दो अलग-अलग आपराधिक मामले दर्ज कर लिए हैं। कुल्लू के पुलिस अधीक्षक (SP) मदन लाल कौशल ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि मणिकर्ण घाटी में हुई इस कार्रवाई के तहत दो लोगों को नशीले पदार्थों के साथ गिरफ्तार किया गया है। वहीं, अब पुलिस दोनों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि नशे की खेप स्रोत क्या था?

