Kullu: कुल्लू अस्पताल की महिला रोग विशेषज्ञ डॉ. अनु सस्पैंड, अनशन समाप्त

punjabkesari.in Tuesday, Jun 30, 2026 - 10:54 PM (IST)

कुल्लू (दिलीप): क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में तैनात महिला रोग विशेषज्ञ डॉक्टर अनु को सस्पैंड कर दिया गया है। फिलहाल डॉक्टर अनु को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग शिमला में तैनात किया गया है। डॉ. अनु पर मृतक महिला मंजू शर्मा के इलाज में लापरवाही का आरोप है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जांच कमेटी का गठन किया गया था जिसने अपनी रिपोर्ट शिमला विभाग के उच्च अधिकारियों को भेज दी है। स्वास्थ्य विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. अनु को सस्पैंड कर दिया है। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने अपना अनशन समाप्त कर दिया है।

गौर रहे कि बीते दो दिनों से मृतक महिला मंजू शर्मा को न्याय देने के लिए युवाओं द्वारा धरना-प्रदर्शन जारी है। मंगलवार को भी ढालपुर में प्रदर्शन जारी रहा। शाम के समय कुल्लू के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने प्रदर्शन कर रहे युवाओं के साथ मुलाकात की और डॉ. अनु के सस्पैंड होने की जानकारी दी।

विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने कहा कि उन्होंने इस मुद्दे को प्रदेश सरकार के समक्ष रखा था और मुख्यमंत्री ने तुरंत कार्रवाई की है। फिलहाल डॉक्टर अनु को सस्पैंड कर दिया गया है, लेकिन उनके खिलाफ जो भी शिकायतें हैं उस पर भी जल्द कार्रवाई की जाएगी। मृतक महिला के भाई दिनेश शर्मा ने बताया कि उनकी बहन को न्याय दिलाने के लिए हजारों लोग सड़कों पर उतरे जिसके लिए उन्होंने सभी का आभार जताया। आगामी समय में ऐसी कोई घटना पेश न आए इस ओर स्वास्थ्य विभाग तथा प्रशासन को ध्यान देने की जरूरत है।

समाजसेवी बलदेव ठाकुर ने बताया कि मृतक महिला मंजू शर्मा को न्याय देने के लिए 2 दिन तक युवाओं द्वारा आंदोलन किया गया और अब उनकी मेहनत रंग लाई है। स्वास्थ्य विभाग ने डॉ. अनु को सस्पैंड कर दिया है और मामले में शामिल दो अन्य स्टाफ नर्सों पर भी कार्रवाई की बात की है। उम्मीद है कि वे भी जल्द सस्पैंड की जाएंगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News