Kullu Dussehra Utsav: लोकनृत्य प्रतियोगिता में 60 दलों ने दी प्रस्तुति, फाइनल राऊंड के लिए 6 दल चयनित

punjabkesari.in Thursday, Oct 17, 2024 - 05:12 PM (IST)

कुल्लू (गौरीशंकर): ऐतिहासिक लाल चंद प्रार्थी कलाकेंद्र में पिछले तीन दिन से चल रही प्रतियोगिता में जिलाभर के 60 सांस्कृतिक दल भाग लेकर परंपरागत संस्कृति का प्रदर्शन कर चुके हैं। यह प्रतियोगिता लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। भाषा एवं संस्कृति विभाग की ओर से करवाई जा रही प्रतियोगिता के माध्यम से युवाओं काे लुप्त हो रही कुल्लवी नाटी की ओर आकर्षित किया जा रहा है। जिला भाषा अधिकारी सुनीला ठाकुर का कहना है कि विभाग हर बार अंतर्राष्ट्रीय दशहरा उत्सव में लोक नृत्य के संरक्षण और उत्सव के दौरान प्रतियोगिता करवाता है जिसमें हर साल सांस्कृतिक दलों की भागीदारी देखने को मिल रही है। इस बार भी काफी सांस्कृतिक दल भाग लेने पहुंचे हैं। 3 दिनों में हुए कार्यक्रम में 6 दलों को फाइनल दौर के लिए चुना गया है जबकि अब तक करीब 60 दल अपनी प्रस्तुति दे चुके हैं। आने वाले समय में भी विभाग उत्सव में परंपरागत संस्कृति को बढ़ावा देने का काम करेगा, ताकि हमारी समृद्ध संस्कृति बरकरार रहे।
PunjabKesari

हर दिन विजेता दल कर रहा है संध्या का आगाज
लाल चंद प्रार्थी कलाकेंद्र में दिनभर चल रही लोक नृत्य प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले सांस्कृतिक दल को रात्रि कार्यक्रम प्रस्तुत करने का मौका दिया जा रहा है। हर दिन 20 दलों में प्रतिस्पर्धा के बाद जो दल पहले स्थान पर पहुंच रहा है, वह दल अंतर्राष्ट्रीय लोकनृत्य उत्सव में रात्रि सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आगाज कुल्लवी नाटी से कर रहा है।

फाइनल राऊंड के लिए ये दल चयनित
लाल चंद प्रार्थी कलाकेंद्र में लोक नृत्य प्रतिस्पर्धा में भाग ले चुके 60 सांस्कृतिक दलों 6 दलों का फाइनल मुकाबले के लिए चयन किया गया है। इनमें कश्यप नारायण सांस्कृतिक दल, विशिष्ट कला संगम, सूत्रधार कलासंगम, भुट्टी को-ऑप्रेटिव सोसायटी के सांस्कृतिक दल सहित अन्य दल शामिल हैं। 4 दिन चलने वाली लोक नृत्य प्रतियोगिता में चयनित 6 टीमों में फाइनल मुकाबला होगा जिसमें प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर दलों का चयन किया जाएगा।

तीसरे दिन इन्होंने पेश किए कार्यक्रम 
लोकनृत्य प्रतियोगिता के तीसरे दिन 20 दल भाग लेने पहुंचे। इनमें पांच वीर महिला मंडल गोही, लक्ष्मी महिला मंडल दियार धार, घटोत्कच महिला मंडल नरणा सैंज, वीर बोहली महिला मंडल ढेल्ल, देवता दर्शन्त महिला मंडल अन्धीसारी, माता मंडासना महिला मंडल दियार, भगवती महिला मंडल रिखली बंजार, दुर्गा महिला मंडल करसान, महिला मंडल जंला, गृह पथ महिला मंडल लोअर डाबरी मौहल, हिम दर्शन महिला मंडल वालटी सारी, प्रभाकर युवक मंडल घलियाणा, माता सरस्वती लोरन महिला मंडल, सूर्या सांस्कृतिक दल बनोगी, मार्कंडेय ऋषि मंडल बंजार वलागाड़, देवता नारायण महिला मंडल मौहल, महिला मंडल शलौट, महिला मंडल माहुनी पदर व ऋषि युवक मंडल देवदार शियाह शामिल रहे।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News