लगातार गिरती जा रही देश की विकास दर, बढ़ती जा रही महंगाई और बेरोजगारी : कुलदीप राठौर

Tuesday, Dec 28, 2021 - 08:16 PM (IST)

कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में पार्टी के 137वें स्थापना दिवस पर कार्यक्रम आयोजित
शिमला (राक्टा):
देश की आजादी से लेकर आधुनिक भारत के निर्माण में कांग्रेस का एक महत्वपूर्ण योगदान रहा है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने मंगलवार को पार्टी के 137वें स्थापना दिवस पर राजीव भवन में आयोजित एक कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए ये बात कही। इस दौरान उन्होंने पार्टीजनों से देश की एकता व अखंडता के लिए सांप्रदायिक ताकतों के खिलाफ एकजुट होने का आह्वान किया है। राठौर ने कहा कि देश की विकास दर लगातार गिरती जा रही है जबकि महंगाई और बेरोजगारी बढ़ती जा रही है। ऐसे में देश की जनता हताश और परेशान है। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के अहिंसा के पथ पर आगे बढ़ते हुए कांग्रेस नेताओं ने अपना बलिदान देकर देश को गुलामी की जंजीरों से मुक्त करवाया। स्वतंत्र भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू ने 4 वर्षीय योजना से देश के विकास का पथ प्रदर्शन किया। लाल बहादुर शास्त्री ने जय जवान-जय किसान का नारा देकर देश को एक क्रांति दी।

इंदिरा गांधी ने विश्व शक्ति के रूप में बनाई भारत की पहचान

राठौर ने कहा कि इंदिरा गांधी ने जब विश्व 2 महा शक्तियों में बंटा था, उस समय देश का नेतृत्व करते हुए भारत की एक विश्व शक्ति के रूप में पहचान बनाई। उसके बाद राजीव गांधी ने शिक्षा के क्षेत्र को आगे बढ़ाते हुए आईटी का मार्ग प्रशस्त किया फिर पीबी नरसिम्हा राव ने उनकी नीतियों को आगे बढ़ाया। पूरे विश्व में जब मंदी का दौर चला तो भारत एकमात्र ऐसा देश था, जिसका कोई भी विपरीत प्रभाव देश पर नहीं पड़ा, क्योंकि देश का नेतृत्व महान अर्थशास्त्री कांग्रेस के नेता डॉ. मनमोहन सिंह कर रहे थे। राठौर ने आरोप लगाया कि आज सत्ता में बैठी मोदी सरकार देश के इतिहास के साथ छेड़छाड़ कर रही है, ऐसे में सभी को सरकार की जनविरोधी निर्णयों व नीतियों के खिलाफ एक साथ खड़े होना है। सेवादल ने राष्ट्र गीत व ध्वज बन्दन किया।

एक भी विधायक ने नहीं की शिरकत

राजीव भवन में आयोजित पार्टी के स्थापना दिवस में पार्टी के किसी भी विधायक ने शिरकत नहीं की। जिला शिमला से कांग्रेस के 5 विधायक हैं लेकिन वे भी सभी नदारद रहे। ऐसे में चर्चाओं का माहौल गरम रहा। कार्यक्रम में पार्टी उपाध्यक्ष गंगू राम मुसाफिर, पूर्व विधायक आदर्श सूद, प्रदेश सेवादल चीफ अनुराग शर्मा, महिला कांग्रेस अध्यक्ष जैनब चंदेल, जिला कांग्रेस शहरी अध्यक्ष जितेंद्र चौधरी, ग्रामीण अध्यक्ष यशवंत छाजटा, जिला परिषद अध्यक्ष चंद्र प्रभा नेगी, रीना पुंडीर, कांग्रेस सचिव हरिकृष्ण हिमराल सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।

शिमला से रखी गई नींव

एओ ह्यूम ने 28 दिसम्बर, 1885 को भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की स्थापना राजनीतिक दल के रूप में की थी। एओ ह्यूम का आशियाना शिमला में हुआ करता था। यहां पर उन्होंने कई साल बिताए और कांग्रेस को माना जा है कि कांग्रेस के स्थापना की प्रक्रिया यही से शुरू हुई थी।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay