नई कार्यकारिणी के विस्तार पर बोले राठौर, लंबी-चौड़ी फौज नहीं, छोटा होगा आकार

Thursday, Nov 28, 2019 - 11:02 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): हिमाचल कांग्रेस में अब पदाधिकारियों की लंबी-चौड़ी फौज नहीं होगी। प्रदेश से लेकर ब्लॉक स्तर की कार्यकारिणी का आकार छोटा होगा। प्रदेश कांग्रेस में हाईकमान की सर्जिकल स्ट्राइक के बाद अब प्रदेश कांग्रेस की नई कार्यकारिणी पर दिल्ली में मंथन होगा। इसी कड़ी में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर दिल्ली में डेरा डाले हुए हैं। राठौर के अनुसार वह कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल और राष्ट्रीय महासचिव संगठन केसी वेणूगोपाल से चर्चा करने के बाद ही पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात करेंगे। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में पाटिल और वेणूगोपाल के व्यस्त होने के चलते अभी उनकी मुलाकात दोनों नेताओं से नहीं हो पाई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस की नई कार्यकारिणी पार्टी आलाकमान के साथ चर्चा करने के बाद तैयार होगी।

50 से 60 लोगों की होगी नई प्रदेश कार्यकारिणी

कांग्रेस से जुड़े सूत्रों के अनुसार नई प्रदेश कार्यकारिणी 50 से 60 लोगों की होगी जबकि पिछली कार्यकारिणी में करीब 150 लोगों को शामिल किया गया था। इस बार कांग्रेस की कार्यकारिणी में नए लोगों को जगह मिलेगी। इसके  अलावा कार्यकारिणी में विधायकों व पूर्व विधायकों को अहम पद दिए जा सकते हैं। इसके लिए पहले से ही शिमला में होमवर्क कर लिया गया है। अब कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव संगठन वेणूगोपाल के साथ चर्चा की जानी है। इस पर अंतिम मुहर कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी लगाएंगी। बताया जा रहा है कि प्रदेश कांग्रेस की नई टीम में सभी वरिष्ठ नेताओं के बीच समन्वय स्थापित करने के प्रयास किए गए हैं।

दिल्ली दरबार में हाजिरी भरने लगे कांग्रेस के बड़े नेता

उधर, प्रदेश कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता दिल्ली में दरबार में हाजिरी भरने लगे हैं। संगठन की कमियों को लेकर प्रदेश कांग्रेस के नेता सोनिया गांधी को अवगत करवाने लगे हैं। कांग्रेस के वरिष्ठ  नेता राम लाल ठाकुर ने बीते दिनों सोनिया गांधी से संगठन के कामकाज को लेकर चर्चा की है। इससे पहले पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर ने भी सोनिया गांधी से मुलाकात की है। कांग्रेस विधायक हर्षवर्धन चौहान के अलावा कई अन्य विधायकों व पूर्व विधायकों का भी पार्टी के केंद्रीय नेताओं से मिलने का दौर जारी है। अगले कुछ दिनों में प्रदेश कांग्रेस की नई टीम का खुलासा हो जाएगा।

Vijay