राठौर का दावा, आगामी विधानसभा उपचुनाव में BJP को मुंह की खानी पड़ेगी

Tuesday, Sep 03, 2019 - 11:11 AM (IST)

शिमला (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर चुनाव आयोग की स्वायत्तता पर सीधे तौर पर प्रहार व दखल दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का यह बयान कि आगामी 10 दिनों में उपचुनाव की तिथियां घोषित हो जाएंगी, सीधे तौर पर चुनाव आयोग की स्वायत्तता पर प्रहार है। कुलदीप सिंह राठौर ने यहां जारी बयान में कहा कि चुनाव आयोग को उनके इस बयान का संज्ञान लेकर कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए।

मुख्यमंत्री को पच्छाद की याद 2 साल बाद आ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में आकर लोगों को गुमराह करने के लिए घोषणाएं की हैं। पूर्व कांग्रेस सरकार ने इस क्षेत्र के नारग में एक कॉलेज व पझौता में आई.टी.आई. स्वीकृत की थी, परंतु वर्तमान सरकार ने सत्ता में आते ही इन दोनों संस्थानों को रद्द कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र और प्रदेश सरकार के गलत वित्तीय कुप्रबंधन के कारण वित्तीय हालात बिगड़े हैं। सरकारें खर्चों को पूरा करने के लिए बैंकों से लगातार कर्ज ले रही हैं।

इसके विपरीत केंद्र से प्रदेश को कोई विशेष आर्थिक सहायता नहीं मिल रही है, जबकि इसको लेकर प्रदेश सरकार की तरफ से बड़े-बड़े दावे किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश मे बेरोजगारी बढ़ रही है तथा कंपनियां कर्मचारियों की छंटनी करके कारोबार समेट रही हैं। प्रदेश की जनता सरकार की नीति और नीयत को पहचान गई है। उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा उपचुनाव में भाजपा को मुंह की खानी पड़ेगी।

kirti