कांग्रेस नेताओं को बदनाम करने पर भड़के राठौर, BJP व RSS को दी ये चेतावनीे

Saturday, Sep 21, 2019 - 06:43 PM (IST)

शिमला (योगराज): कांग्रेस ने भाजपा नेताओं को कांग्रेस नेताओं के इतिहास में न जाने की सलाह दी है। शनिवार को कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप राठौर ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा नेता लगातार कांग्रेस नेताओं को देशद्रोही बता रहे हैं और कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के इतिहास को गलत तरीके से लोगों के बीच मे रख रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा देश में बहुत बड़ा षड्यंत्र रच रही है तथा देश में इतिहास को बदलने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि शिमला में भाजपा के जनजागरण अभियान में मुख्यमंत्री जयराम ने नेहरू के इतिहास को लेकर लोगों के बीच में गलत जानकारी दी है।

मुख्यमंत्री और भाजपा अध्यक्ष को इतिहास पर बहस की खुली चुनौती

उन्होंने कहा कि देश को पंचवर्षीय योजना, आईआईटी, एम्स व इसरो आदि नेहरू की देन हैं जबकि भाजपा और आरएसएस नेताओं का देश की आजादी में कोई योगदान नहीं रहा है बल्कि श्यामा प्रसाद मुखर्जी, दीन दयाल उपाध्याय, वीर सावरकर सहित कई आरएसएस से जुड़े नेताओं ने स्वतंत्रता आंदोलन को रोकने के लिए अंग्रेजों का साथ दिया था और भाजपा इनको राष्ट्रभक्त बता रही है। उन्होंने भाजपा नेताओं को इतिहास की जानकारी ठीक से समझ लेने की भी नसीहत दी और सीएम से लेकर प्रदेश अध्यक्ष को इन विषयों पर खुली बहस की भी चुनौती दी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिन बुलाए गए पाकिस्तान

उन्होंने  कहा कि नेहरू जैसे महान नेता को भाजपा और संघ देशद्रोही की तरह पेश करने की कोशिश कर रहे हैं लेकिन साध्वी प्रज्ञा, चिन्मयानंद और नाथूराम गोडसे की भाजपा महिमा मंडन कर रही है। भाजपा लगातार कांग्रेस नेताओं का पाकिस्तान से मोह होने की बात कर रही है लेकिन एक भी कांग्रेस नेता या प्रधानमंत्री कभी पाकिस्तान नहीं गया जबकि भाजपा नेता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद पाकिस्तान बिन बुलाए चले गए। उन्होंने तल्ख लहजे में भाजपा नेताओं को चेतावनी देते हए कहा कि भाजपा कांग्रेस को बदनाम करने से बाज आए और अगर ये सिलसिला जारी रहा तो कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी।

महिला उत्पीडऩ और बलात्कार के मामलों में भाजपा नेताओं की संलिप्तता

उन्होंने कहा कि भाजपा और संघ के लोग महिलाओं की सुरक्षा की बातें जरूर करते हंै लेकिन सबसे ज्यादा महिला उत्पीडऩ के मामले और बलात्कार में भाजपा नेताओं की संलिप्तता पाई गई है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी विदेशों में जाकर देश की जनता के पैसों का दुरुपयोग कर रहे हैं और देश में अघोषित आर्थिक आपातकाल चल रहा है। देश में आर्थिक मंदी का दौर चरम पर है, देश में लाखों नौकरियां चली गईं और रुपया तेजी से जमीन में घुस रहा है। मोदी सरकार अपने दूसरे कार्यकाल में जनता से जुड़ी समस्याओं का समाधान करने में विफल रही है और ध्यान बांटने के लिए ये सभी हथकंडे अपना रही है।

जयराम सरकार 2 साल में पूरी तरह से फेल

उन्होंने कहा कि प्रदेश की जयराम सरकार 2 साल में पूरी तरह से फेल हो गई है। प्रदेश में कानून व्यवस्था, महिलाओं से अत्याचार, नशा, चोरी और डकैती खुलेआम हो रही है। भाजपा सरकार प्रदेश में विकास कार्यों को करवाने में फेल हो गई है, जिसका जवाब जनता भाजपा को 2 विधानसभा क्षेत्रों में हो रहे उपचुनाव में देगी और दोनों सीटों पर कांग्रेस पार्टी की प्रत्याशी जीत दर्ज करेंगे।

Vijay