राठौर ने साधा निशाना, बोले-ऐशो-आराम के लिए कर्ज ले रही भाजपा सरकार

Tuesday, Sep 17, 2019 - 11:16 PM (IST)

शिमला: कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि भाजपा राज में प्रदेश में कहीं भी विकास दिख नहीं रहा है। प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति बदतर है। दुराचार और चोरी के मामले बढ़ रहे हैं। खनन माफिया और नशे का अवैध कारोबार चरम सीमा पर है। जयराम सरकार केवल पूर्व कांग्रेस सरकार के समय आरंभ हुए विकास कार्यों के उद्घाटन कर इनका श्रेय ले रही है। पंजाब केसरी से विशेष बातचीत में राठौर ने कहा कि अगर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर कहते हैं कि प्रदेश में विकास हुआ है तो वे इन्हें जरूर गिनवाएं।

कांग्रेस सरकार ने विकास के लिए लिया था कर्ज

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने अपने कार्यकाल में विकास के लिए कर्ज लिया था। हमने कई स्कूल खोले व सड़कों का निर्माण करवाया लेकिन जयराम सरकार अपने ऐशो-आराम के लिए कर्ज उठा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार अपने 20 माह के कार्यकाल में लोगों की उम्मीदों पर खरी नहीं उतर सकी है। उपचुनाव की तैयारियों को लेकर राठौर ने कहा कि पार्टी ने ब्लाक स्तर पर काम शुरू कर दिया है। उन्होंने हिमाचल निर्माता स्व. परमार की जन्मस्थली बागथन से उपचुनाव का शंखनाद किया। पच्छाद में भाजपा का पन्ना प्रमुख कार्यक्रम कांग्रेस के कार्यक्रम के बाद हुआ। इसके बाद पार्टी ने धर्मशाला में पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी की जयंती राज्य स्तर पर मनाई।

दोनों उपचुनाव में अधिकतर मुद्दे होंगे स्थानीय

उन्होंने कहा कि धर्मशाला व पच्छाद उपचुनाव के लिए नियुक्त 2 ऑब्जर्वर लोगों एवं कार्यकर्ताओं से मिलकर रिपोर्ट देंगे। प्रदेश कांग्रेस उस रिपोर्ट के साथ उम्मीदवारों को लेकर आलाकमान को सुझाव देगी लेकिन अंतिम निर्णय आलाकमान का होगा। उन्होंने कहा कि दोनों उपचुनाव में पार्टी के अधिकतर मुद्दे स्थानीय होंगे। उन्होंने कहा कि धर्मशाला और पच्छाद में कांग्रेस के समय शुरू हुए विकास कार्य ठप्प पड़े हैं। कांग्रेस ने धर्मशाला को दूसरी राजधानी का दर्जा दिलवाया लेकिन अब वहां कोई काम नहीं हो रहा है। उपचुनाव में बेरोजगारी, बिगड़ती कानून व्यवस्था और गिरती अर्थव्यवस्था का मुद्दा भी उठाएंगे। उपचुनाव में पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के प्रचार में उतरनेके प्रश्न पर उन्होंने कहा कि वीरभद्र पार्टी के स्टार प्रचारक हैं।

विपक्ष ने नहीं मांगा बढ़ा भत्ता, सरकार लाई प्रस्ताव

प्रदेश की खस्ताहाल आर्थिक स्थिति के बावजूद विधायकों का यात्रा भत्ता बढ़ाने का विपक्ष द्वारा समर्थन करने के सवाल पर राठौर ने कहा कि पार्टी के कुछ लोगों ने इसका विरोध किया था। भत्ते में बढ़ौतरी का प्रस्ताव सदन में भाजपा सरकार लेकर आई, न कि विपक्ष ने भत्ता बढ़ाने की मांग की। उन्होंने कहा कि जयराम सरकार को जब प्रदेश की खराब आर्थिक हालत का पता था तो उसे भत्ते बढ़ाने का प्रस्ताव ही नहीं लाना चाहिए था। सरकार को जन भावनाओं की कद्र करनी चाहिए।

सुझाव देना है तो पार्टी कार्यालय आएं सुक्खू

पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सुखविंदर सुक्खू की संगठन में सभी को साथ लेकर चलने की सलाह पर राठौर ने कहा कि वह पार्टी के आदमी हैं और सबको साथ लेकर चल रहे हैं। अगर पार्टी हित में किसी को कोई सुझाव देना है तो पार्टी कार्यालय में आकर उनसे सीधे बात कर सकता है।

जो समय देगा, वही बनेगा पदाधिकारी

राठौर ने कहा कि कांग्रेस संगठन में निचले स्तर तक बदलाव की जरूरत है। जो कार्यकत्र्ता संगठन के लिए समय देगा, उसे ही पदाधिकारी बनाया जाएगा। पदाधिकारियों की संख्या भी सीमित होगी। उन्होंने अभी प्रदेश कांग्रेस कमेटी और जिला कमेटियों में कोई बदलाव नहीं किया है। ब्लाक कमेटियां दफ्तर में बैठकर नहीं बल्कि फील्ड में भेजे पर्यवेक्षकों की रिपोर्ट के आधार पर गठित की गई हैं। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि अभी उनका फोकस बूथ कमेटियों पर है। पर्यवेक्षकों की रिपोर्ट के अनुसार ब्लाक अध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं।

Vijay