राठौर ने कर्ज लेने पर जताई चिंता, कहा-खर्चों को लेकर श्वेत पत्र जारी करे सरकार

Saturday, Aug 17, 2019 - 11:01 PM (IST)

शिमला: हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने प्रदेश सरकार की तरफ से लगातार लिए जा रहे कर्जों पर चिंता जताई है। उन्होंने सरकारी खर्चों को लेकर श्वेत पत्र जारी करने की मांग की है। उन्होंने यहां जारी बयान में आरोप लगाया कि वित्तीय कुप्रबंधन के कारण प्रदेश कर्जों में डूब रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार को अपने खर्चों में कटौती लानी चाहिए तथा केंद्र से विशेष आर्थिक पैकेज के प्रयास करने चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार कर्मचारियों को देय भत्तों की अदायगी के नाम पर सरकार हर माह जो कर्ज ले रही है, उसे अपने ऐशो-आराम पर खर्च कर रही है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार जो उद्घाटन कर रही है, उसे पूर्व कांग्रेस सरकार के समय में शुरू किया गया था।

प्रदेश को केंद्र से नहीं मिल रही कोई भी राहत

उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश को केंद्र से कोई भी राहत नहीं मिल रही है जबकि प्रदेश भाजपा के नेता इस बारे बड़े-बड़े झूठेे दावे कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सड़कों की खस्ता हालत से सेब बागवानों की परेशानी लगातार बढ़ रही है, जिसके निवारण के लिए सरकार कोई पग नहीं उठा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं को बताना चाहिए कि प्रदेश में चुनाव के समय जिन राष्ट्रीय राजमार्गों को घोषित किया गया था, उसका क्या हुआ? उन्होंने सरकार से मांग की है कि भारी बरसात के कारण जिन बागवानों और किसानों की फसलें बर्बाद हो गई हैं, उसका तुरंत आकलन कर उनको राहत प्रदान की जानी चाहिए।

Vijay