राठौर बोले- राजनीतिक षड्यंत्र रच रही BJP

Tuesday, Jul 09, 2019 - 11:04 AM (IST)

शिमला (ब्यूरो): प्रदेश कांग्रेस ने भाजपा पर देश में अवसरवाद की राजनीति करने का आरोप लगाया है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि भाजपा देश के विपक्षी नेताओं को प्रलोभन देकर अपनी पार्टी में शामिल कर लोकतंत्र की मर्यादाओं को तार-तार कर रही है। भाजपा का यह एक राजनीतिक षड्यंत्र ही है कि वह देश मे विपक्ष को तोड़कर अपना राजनीतिक हित साधना चाहती है, जिससे उसकी जनविरोधी नीतियों का कोई राजनीतिक दल विरोध न कर सके। राठौर ने कहा कि कर्नाटक के ताजा राजनीतिक घटनाक्रम से साफ है कि भाजपा कर्नाटक की सत्ता के लिए उतावली है और पूरे घटनाक्रम में भाजपा का हाथ होना स्पष्ट है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेताओं को अपने पक्ष में करने के लिए भाजपा देशभर में राजनीतिक षड्यंत्र रच रही है ताकि कांग्रेस को कमजोर किया जा सके। उन्होंने चेताते हुए कहा कि कांग्रेस इतनी कमजोर नहीं है कि भाजपा के किसी भी षड्यंत्र से टूट जाए। भाजपा कांग्रेस के दिवंगत नेताओं के खिलाफ अभद्र टिप्पणियां कर अपना अहंकार दिखा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं का अपमान करने का भाजपा को कोई नैतिक अधिकार नहीं है। 

विकास की गति में पिछड़ रहा प्रदेश

राठौर ने कहा कि भाजपा को देश के विकास पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश के विकास को लेकर ही लोगों ने उन्हें अपना मत दिया है न कि उन दलों को कमजोर करने का जो उनकी नीतियों का विरोध करते हैं। राठौर ने कहा कि प्रदेश में भी विकास की गति पिछड़ती नजर आ रही है।

Ekta