राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माण पर जनता को गुमराह कर रही सरकार: राठौर

Friday, Jun 21, 2019 - 01:26 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण के मामले में सरकार जनता को गुमराह कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की तरफ से हाईकोर्ट में दिए गए शपथ पत्र से स्पष्ट हो गया है कि अभी तक 69 राजमार्गों की डी.पी.आर. नहीं बनी है। कुलदीप सिंह राठौर ने यहां जारी बयान में आरोप लगाया कि लोकसभा चुनाव के दौरान भी भाजपा नेताओं ने इसे अपनी बड़ी उपलब्धि बताते हुए झूठे आंकड़े पेश किए थे जबकि धरातल में कोई काम नहीं हुआ। उन्होंने इस बात पर हैरानी जताई कि अब इसके निर्माण के लिए नई नीति बनाने की बात की जा रही है जबकि इनकी डी.पी.आर. बनाने में अब तक 24 करोड़ रुपए खर्च किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में राष्ट्रीय राजमार्गों के साथ-साथ उच्च मार्गों की दयनीय स्थिति है। उन्होंने कहा कि खस्ता हालत सड़कों की मुरम्मत की तरफ प्रदेश सरकार का कोई ध्यान नहीं है। उन्होंने कहा कि धीमी गति से बन रहे शिमला-कालका फोरलेन राष्ट्रीय राजमार्ग लोगों के लिए परेशानी का सबब बना है। उन्होंने कहा कि कुछ दिनों में बरसात शुरू होने वाली है। सेब सीजन से पहले सड़कों की हालत खस्ता है, जिससे बागवान चिंतित हैं। उन्होंने सरकार से मांग की कि वह बरसात के मौसम से पहले सड़कों की दशा को सुधारें और पूर्व में राष्ट्रीय राजमार्गों के नाम पर बोले गए झूठ के लिए प्रदेश के लोगों से सार्वजनिक तौर पर माफी मांगें।

Ekta