कांग्रेस की छोड़ अपने कुनबे की चिंता करें CM जयराम: राठौर

Friday, Jun 07, 2019 - 03:11 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): प्रदेश कांग्रेस ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के उस बयान पर पलटवार किया है, जिसमें उन्होंने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व पर सवाल उठाया था। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने यहां जारी बयान में कहा है कि मुख्यमंत्री को कांग्रेस की चिंता छोड़ अपने पार्टी नेतृत्व और सरकार की ज्यादा चिंता करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस राहुल गांधी के नेतृत्व में मजबूती से खड़ी है और उन्हें अपना नेता मानती है। 

राठौर ने कहा है कि प्रदेश में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को चुनावी परिणामों से अति उत्साहित होने की आवश्यकता नहीं है। चुनाव में जीत और हार एक सिक्के के दो पहलू हैं। जनमत का कांग्रेस पूरा सम्मान करती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस चुनाव हारी है, हिम्मत नहीं और जल्द ही कांग्रेस मजबूत स्थिति में देश में पुनस्र्थापित होगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपने दायित्वों से न तो पहले कभी पीछे हटी है और न आगे हटेगी। राठौर ने कहा है कि मुख्यमंत्री को प्रदेश के विकास पर जोर देने की आवश्यकता है।

कांग्रेस पर बेबुनियाद बयानबाजी छोड़ मुख्यमंत्री को अपने कुनबे को संभालने की सलाह देते हुए राठौर ने कहा है कि अगर उन्हें लोगों ने सत्ता पर बिठाया है तो उन्हें प्रदेश के लोगों के दुख-दर्द दूर करने के उपाय करने चाहिए। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने मुख्यमंत्री के उस बयान पर भी तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है, जिसमें उन्होंने चुनाव के बाद कांग्रेस नेताओं के मुंह छिपाने की बात कही थी। राठौर ने कहा है कि कांग्रेस हमेशा ही लोगों के बीच रहती है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने कभी सत्ता के लिए लड़ाई नहीं लड़ी। आजादी से पहले और आजादी के बाद कांग्रेस ने केवल देश सेवा को अपना धर्म माना।




 

Ekta