हिमाचल के हर जिला में बनेंगे खेलो इंडिया सैंटर : गोविंद ठाकुर

Tuesday, Jul 14, 2020 - 06:28 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): केंद्रीय युवा मामले और खेल राज्य मंत्री किरण रिजिजू ने विभिन्न राज्यों के खेल मंत्रियों के साथ मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रैंसिंग के माध्यम से बैठक की। बैठक में भाग लेते हुए प्रदेश के युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा कि खेलों के विकास के लिए राष्ट्रीय कार्यक्रम खेलो इंडिया में प्रदेश के युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए राज्य के हर जिला में खेलो इंडिया सैंटर बनाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि खेलो इंडिया जैसी विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के माध्यम से प्रदेश के युवाओं और बच्चों का खेल गतिविधियों की ओर रुझान बढ़ा है। 

वन स्टेट वन स्पोर्ट्स के तहत राज्य में बॉक्सिंग को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में शीतकालीन और साहसिक खेलों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से खेलों से जुड़ीं विभिन्न संस्थाओं से भी विचार-विमर्श किया जाएगा। हिमाचल में साइक्लिंग  की बढ़ती संभावनाओं को देखते हुए प्रदेश में नए साइक्लिंग ट्रैक भी चिन्हित किए जाएंगे। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश युवा सेवाएं सचिव अमिताभ अवस्थी सहित विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Vijay