प्रियंका वाड्रा के करीबी नेता केहर सिंह खाची को मिली बड़ी जिम्मेदारी, HPSFDC का उपाध्यक्ष बनाया
punjabkesari.in Wednesday, Mar 08, 2023 - 12:11 AM (IST)

शिमला (कुलदीप): मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के दिल्ली दौरे के बीच केहर सिंह खाची को हिमाचल प्रदेश राज्य वन विकास निगम लिमिटेड का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। केहर सिंह खाची कांग्रेस में कई पदों पर काम कर चुके हैं तथा वह कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा के करीबी नेताओं में से एक हैं। विधानसभा चुनाव के समय वह ठियोग से कांग्रेस टिकट के प्रबल दावेदार नेताओं में से एक थे। प्रधान सचिव ओंकार चंद शर्मा की तरफ से उनकी नियुक्ति संबंधी अधिसूचना जारी कर दी गई है।
सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अपने दिल्ली दौरे के दौरान प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला से चर्चा की, उसके बाद केहर सिंह खाची की नियुक्ति संबंधी आदेश सरकार की तरफ से जारी किए गए। अब आने वाले दिनों में विधानसभा उपाध्यक्ष, मंत्रिमंडल विस्तार और निगम-बोर्डों में अन्य तैनातियां होनी हैं, जिसको लेकर भी मुख्यमंत्री ने चर्चा की है। विधानसभा उपाध्यक्ष के पद बजट सत्र के दौरान भरे जाने की संभावना है, जिसके लिए विधायक चंद्रशेखर एवं रवि ठाकुर के नाम सामने आ रहे हैं। इसके अलावा आने वाले समय में लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखकर संगठनात्मक स्तर पर भी फेरबदल हो सकता है, जिसमें टिकट से वंचित रहे नेताओं को अहम दायित्व सौंपे जा सकते हैं। इस बीच मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू दिल्ली से सीधे शिमला पहुंचे। इससे पहले उनका कांगड़ा जाने का कार्यक्रम था।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here