प्रतिभा सिंह से मिलने होलीलॉज पहुंचे कौल सिंह, चुनावी फीडबैक के साथ पार्टी की जीत का दिया आश्वासन

Tuesday, Nov 15, 2022 - 09:27 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): हिमाचल विधानसभा चुनाव को लेकर मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद नेताओं की आपसी बैठकों का दौर शुरू हो गया है। इसी कड़ी में पूर्व वीरभद्र सिंह सरकार में मंत्री रहे कौल सिंह ठाकुर ने मंगलवार को होलीलॉज पहुंचकर पार्टी प्रदेशाध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच संगठन से जुड़े मसलों के साथ ही प्रदेश की सियासत को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। कौल सिंह ठाकुर ने इस दौरान विधानसभा चुनाव के परिणामों को लेकर अपना फीडबैक भी प्रतिभा सिंह को दिया। उन्होंने आश्वस्त किया कि प्रदेश में कांग्रेेस पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी। वहीं दूसरी तरफ सियासी गलियारों में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह और पार्टी के वरिष्ठ नेता कौल सिंह ठाकुर के बीच हुई बैठक चर्चा का विषय बनी हुई है। होलीलॉज जाने से पहले पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर पार्टी मुख्यालय राजीव भवन पहुंचे और यहां पदाधिकारियों से मिले। इस दौरान मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में कौल सिंह ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनना तय है। उन्होंने दावा कि कि कांग्र्रेस 45 से 50 सीटें जीतेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा 15 से 20 सीटों पर सिमटकर रह जाएगी और जिला मंडी में कांग्रेस करीब 9 सीटों पर जीत दर्ज करेगी।

हाईकमान जो निर्णय लेगा, वह स्वीकार होगा
कौल सिंह ने शिमला में कहा कि कांग्रेस पार्टी में लोकतंत्र है। कांग्रेस बहुमत में आने के बाद एक प्रक्रिया के तहत मुख्यमंत्री की घोषणा करती है। उन्होंने कहा कि पार्टी हाईकमान जो भी निर्णय लेगा, वह स्वीकार होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा में तानाशाही हैं। उत्तराखंड में भाजपा ने हारे हुए प्रत्याशी को सीएम बनाया। एक सवाल के जवाब में कहा कि वह 8 बार विधायक रह चुके हैं। इसके साथ ही पार्टी के अध्यक्ष व मंत्री के पदों पर भी रहे हैं। एक बार के विधायक भी मुख्यमंत्री का दावेदार होता है।

कौन होगा सीएम चेहरा, कई दौड़ में शामिल
कांग्रेस यदि सत्ता में आती है तो मुख्यमंत्री पद का चेहरा कौन होगा, इसको लेकर भी पार्टी नेताओं व कार्यकर्ता में चर्चा का दौर जारी है। देखा जाए तो वर्तमान में कौल सिंह ठाकुर प्रदेश कांग्रेस में सबसे वरिष्ठ नेता हैं। ऐसे में यदि उनका नाम मुख्यमंत्री पद के लिए आगे किया जाता है, तो उन्हें कई विधायकों का समर्थन मिल सकता है। कौल सिंह ठाकुर के साथ ही नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री, प्रचार समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व पार्टी प्रदेशाध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू, आशा कुमारी, हर्षवर्धन चौहान के साथ ही जीत दर्ज करने पर कुछ अन्य वरिष्ठ नेताओं के नाम भी मुख्यमंत्री की रेस में शामिल हो सकते हैं। ऐसे में अब अंदरखाते बैठकों का दौर शुुरू हो गया है। 

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay