लाखों की धोखाधड़ी का आरोपी अढ़ाई साल बाद हरियाणा से गिरफ्तार

punjabkesari.in Saturday, Feb 15, 2020 - 10:46 PM (IST)

ज्वालामुखी, (नितेश): जिला कांगड़ा की पुलिस ने बीते वर्ष 2017 में हुई लाखों रुपए की धोखाधड़ी व हेराफेरी के मामले में एक व्यक्ति को हरियाणा के गोहाना से गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए व्यक्ति की पहचान सुनील दत्त पुत्र ईश्वर दत्त मालवीया नगर ककरोई रोड सोनीपत के रूप में हुई है। ए.एस.पी. कांगड़ा आकृति शर्मा ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसे कोर्ट में पेश करने के बाद उसे आगामी मंगलवार तक पुलिस रिमांड में रखा जाएगा। इसके अलावा एक अन्य आरोपी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है, जिसे जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस धोखाधड़ी के मामले में कुल 3 लोग शामिल हैं, जिसमें से एक व्यक्ति की मृत्यु हो चुकी है। यह मामला बीते वर्ष 2017 का है, जिसको लेकर देहरा थाना में कुछ लोगों ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि उक्त आरोपी ने उन्हें लालच देकर उसके साथ फ र्जी कंपनी के नाम से पैसे ऐंठे हैं। पुलिस को हाल ही में गुप्त सूचना मिली थी कि उक्त आरोपी हरियाणा में घूम रहा है। इसके तहत पुलिस ने आगामी कार्रवाई अमल में लाते हुए आरोपी को हरियाणा के गोहाना से दबोच लिया और इसके बाद उसे यहां ज्वालामुखी थाने में हिरासत में रखा और शनिवार दोपहर बाद उसे देहरा कोर्ट में पेश किया, जहां से कोर्ट ने उक्त आरोपी को आगामी मंगलवार तक पुलिस रिमांड में भेज दिया है।

प्रदेश व अन्य राज्यों के थाने में भी दर्ज हैं आरोपियों की शिकायतें

पुलिस जांच में सामने आया है कि उक्त आरोपियों के जगह-जगह तार जुड़े हैं और इनका यह कारोबार प्रदेश सहित उत्तरी भारत में भी फैला हुआ है। जहां इन्होंने फर्जी कंपनी के नाम पर लोगों से पैसे ऐंठ कर धोखाधड़ी और हेराफेरी की है। बताया जा रहा है कि उक्त आरोपियों के खिलाफ  घुमारवीं, हमीरपुर, रामपुर, नालागढ़, देहरा, अम्बाला, इंद्री हरियाणा व सोनीपत सहित अन्य राज्यों के थानों में लोगों से पैसे ऐंठने के नाम पर धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Kuldeep

Recommended News

Related News