ज्वालामुखी भाजपा मंडल भंग, नेता भी पदमुक्त

Friday, Oct 30, 2020 - 05:39 PM (IST)

शिमला/कांगड़ा : प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने अनुशासनहीनता के चलते ज्वालामुखी भाजपा मंडल को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया और मंडल के सभी नेताओं को भी पद से मुक्त कर दिया है। पिछले संगठन के कुछ नेताओं ने बयानबाजी की थी, जो कि अनुशासनहीनता के दायरे में आती है, जिसके कारण प्रदेश अध्यक्ष ने यह कार्रवाई की है। प्रदेश अध्यक्ष ने मंडल के सभी मोर्चे और प्रकोष्ठ को भी भंग कर दिया है। कार्रवाई में जिला देहरा के भाजपा जिला उपाध्यक्ष कुलदीप शर्मा, भाजपा सचिव जोगेंद्र कौशल, पूर्व मंडल अध्यक्ष एवं विशेष आमंत्रित सदस्य चमनलाल पुण्डीर, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष नितिन ठाकुर, प्रदेश सह प्रवक्ता एवं जिला प्रभारी भाजयुमो जिला देहरा राकेश ठाकुर, महिला मोर्चा जिला महामंत्री भावना शर्मा, शहरी केंद्र अध्यक्ष असंवैधानिक दायित्व रामस्वरूप शास्त्री को पद से मुक्त कर दिया है। 

उक्त कार्रवाई करते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा अनुशासन के लिए जानी जाती है। यहां कभी कोई भी पदाधिकारी या कार्यकर्ता संगठन के उपर नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को अनुशासन में रहकर ही पार्टी के लिए कार्य करना होता है और जब कोई कार्यकर्ता, नेता या पार्टी का पदाधिकारी पार्टी की विचारधारा या अनुशासन को भंग करने की कोशिश करता है, तो पार्टी उसके विरूद्ध पार्टी संविधान के अनुसार कड़ी कार्रवाई करती है। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही जवालामुखी के नए मंडल तथा मोर्च व प्रकोष्ठ का गठन किया जाएगा। 
 

prashant sharma