कोरोना से निपटने को क्या कर रहे प्रदेश, जेपी नड्डा ने भाजपा अध्यक्षों से की मंत्रणा

Wednesday, Apr 08, 2020 - 07:35 PM (IST)

शिमला (योगराज): कोरोना संक्रमण को लेकर उपजी स्थिति को लेकर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने प्रदेश भाजपा अध्यक्षों से करीब अढ़ाई घंटे मंत्रणा की। उन्होंने वीडियो कॉन्फै्रंस के माध्यम से की इस मंत्रणा के दौरान प्रदेश में भाजपा कार्यकर्ताओं की तरफ से आम आदमी को पहुंचाई जा रही राहत को लेकर जायजा लिया।

हिमाचल में 1.44 लाख को भोजन पैकेट व 42,488 राशन किट वितरित

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने जानकारी दी कि हिमाचल प्रदेश में पार्टी की तरफ से अब तक 1 लाख 44 हजार 23 भोजन पैकेट व 42,488 लोगों को मोदी राशन किट वितरित की गई है। इसी तरह 2 लाख 35 हजार 922 फेस कवर बनाए जा चुके हैं। वहीं प्रदेश भाजपा कार्यकर्ताओं की तरफ से प्रधानमंत्री केयर फंड में 35,93,785 रुपए व मुख्यमंत्री कोविड फंड में 1,34,64,515 रुपए जमा करवाए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी प्रदेश में सरकार की तरफ से आम आदमी के लिए राहत पहुंचाने के कार्यों में भी हर तरह का सहयोग कर रही है।

हिमाचल मॉडल को अपनाएं अन्य राज्य

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने प्रदेश भाजपा की तरफ से कोरोना संक्रमण से निपटने के लिए किए गए कार्यों की सराहना करते हुए अन्य राज्यों को हिमाचल मॉडल को अपनाए जाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने इसके लिए प्रदेश सरकार की सराहना भी की। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे भोजन सामग्री वितरण, पीएम और सीएम रिलीफ फंड फेस कवर निर्माण कार्य में सहयोग करें और प्रत्येक व्यक्ति को आरोग्य एप डाऊनलोड करवाएं। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता 40 लोगों को पीएम केयर से जोड़े, साथ ही स्वास्थ्य, पुलिस, सफाई कर्मी, प्रशासनिक अधिकारी, मीडिया, बैंक और पोस्ट ऑफिस कर्मियों के लिए थैंक गिविंग हस्ताक्षरित पत्र बनाकर भिजवाने को कहा।

Vijay