कांग्रेस सरकार बताए, चुनावी गारंटियों का क्या हुआ : कंगना

Saturday, Apr 13, 2024 - 04:41 PM (IST)

जोगिंद्रनगर (अमिता): मंडी संसदीय क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी कंगना रनौत ने कांग्रेस को भ्रष्टाचार की जननी बताया और कहा कि प्रदेश में झूठे वायदों पर सत्ता में आई कांग्रेस सरकार आज वैंटीलेटर पर चल रही है। सरकार इन्हें चलानी आ नहीं आ रही है इसलिए यह सरकार टिक नहीं रही है। यह बात जोगिंद्रनगर मेें भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा द्वारा आयोजित सम्मेलन को संबोधित करते हुए कंगना ने कहा कि जबसे भाजपा ने आपकी बेटी को मंडी संसदीय चुनाव क्षेत्र से पार्टी का प्रत्याशी घोषित किया है तब से तरह-तरह की अभद्र टिप्पणियां की जा रही हैं। मंडी की बेटी से सवाल पूछे जा रहे हैं कि जब मंडी में त्रासदी आई तो तब वह कहां थी। उन्होंने कहा कि वह उस समय राजनीति में नहीं थी तथा हर व्यक्ति जो अपने-अपने कारोबार में होता है वह भी वहीं थी लेकिन प्रदेश की इस त्रासदी में नड्डा, नीतिन गडकरी आए और उन्होंने लोगों का हालचाल जाना। गृह मंत्री ने 1800 करोड़ की सहायता राशि जारी की लेकिन कांग्रेस बताए कि उन्होंने वह राशि कहां डाली। कंगना ने कांग्रेस पार्टी को बीता हुआ जमाना बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार बताए कि उनकी चुनावी गारंटियों का क्या हुआ। जब चुनाव आते हैं तो कांग्रेस 1500 रुपए वाले फार्म भरवाने शुरू कर देती है। उन्होंने पूछा कि कहां गए वह 5 लाख रोजगार और 300 यूनिट मुफ्त बिजली।

दूसरी तरफ मोदी सरकार ने महिलाओं के लिए 10 करोड़ शौचालय व 4 करोड़ पक्के मकान बनाए। उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनैक्शन दिए। आज भारत चंद्रयान, गगन यान लांच कर रहा है, जी-20 से देश का गौरव बढ़ा। भारत आज 25 वर्ष आगे की सोच रहा है और दुनिया में तीसरी आर्थिक शक्ति बनकर उभर रहा है। सभा को पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने भी संबोधित करते हुए कहा कि 4 जून को जहां देश में मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार बनेगी वहीं प्रदेश में कांग्रेस सत्ता से बेदखल होगी। सभा को प्रदेश भाजपा प्रवक्ता पंकज जम्वाल सहित विधायक प्रकाश राणा व मंडल अध्यक्ष अजय सकलानी ने भी संबोधित किया। इससे पहले कंगना रनौत का घटासनी, गुम्मा व हराबाग में स्वागत किया गया। उन्होंने शहर में भाजपा कार्यालय का उद्घाटन भी किया। इस अवसर पर जिला कांग्रेस के उपाध्यक्ष डा. चंद्रभूषण शर्मा, जिला सचिव व सुखबाग व्यापार मंडल के अध्यक्ष अविनाश धवन सहित करीब अन्य 25 लोगों ने भाजपा का दामन थामा।

 

Content Writer

Kuldeep