JOA IT पेपर लीक मामले में एक और गिरफ्तारी, आरोपी महिला के घर से विजिलैंस को मिले अहम सुराग

Saturday, Dec 24, 2022 - 08:15 PM (IST)

महिला कर्मचारी ही हैं मामले की किंगपिन,  मूल प्रश्न पत्र फोटोकॉपी करवाकर आगे कइयों तक पहुंचाया
शिमला (रमेश सिंगटा): जेओए आईटी के पेपर लीक मामले में विजिलैंस को कई नए सुराग हाथ लगे हैं। इन पर कार्य आरंभ हो गया है। वहीं विजिलैंस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। अब आरोपियों की संख्या बढ़कर 6 हो गई है। इन आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। इनसे अलग-अलग तरीके से भी पूछताछ की गई है। महिला से और कितने लोग संपर्क में थे, इसके बारे में भी पुख्ता जानकारी एकत्र की जा रही है। पेपर कहां कहां बेचा गया, इसके बारे में कुछ और बातों को वैरीफाई किया जा रहा है। जांच से पता चला है कि पूरे मामले की किंगपिन कर्मचारी चयन आयोग हमीरपुर की वरिष्ठ अधीक्षक उमा आजाद है। उसने ही प्रश्नपत्र लीक किया था। मूल प्रश्न पत्र फोटोकॉपी करवाया गया था। इसकी कई प्रतियां निकाली गईं। किसी को शक न हो, इस कारण मूल प्रश्न पत्र वहीं पर रखा गया, जहां पर सीक्रेसी ब्रांच में रहता था। इसे कइयों तक आगे पहुंचाया गया। प्रदेशभर में कितने अभ्यर्थियों तक पहुंचा, इसमें भी जांच की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं। अब तक सामने आए तथ्यों, सुराग के आधार पर जांच और तेज होगी। 

सरकार के लिए साख का सवाल
वर्तमान सुक्खू सरकार के लिए इस मामले को सुलझाना साख का सवाल बना हुआ है। सरकार इसमें और कड़ी कार्रवाई करना चाहेगी, ताकि विश्वसनीयता बनी रहे। इसमें सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू पूरा फीडबैक ले रहे हैं।

महिला के घर में दिनभर चली सर्च रेड
पेपर लीक मामले में विजीलैंस ने दिनभर सर्च रेड की। आरोपी महिला के हाऊसिंग बोर्ड कालोनी स्थित घर में पूरी हलचल देखी गई है। रेड के दौरान कई अहम दस्तावेज, 4 लाख की नकदी बरामद की है। यह कार्रवाई और आगे बढ़ेगी।

सदन में गूंजेगा मामला
पेपर लीक मामले में विपक्ष भी तीखे तेवर अपना रहा है। यह मामला विधानसभा के शीतकालीन सत्र में उठना तय माना जा रहा है। विपक्ष इस पर सत्ता पक्ष को घेरेगा, जबकि सत्ता पक्ष इसके बहाने पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल के मामलों को उजागर करेगी।

28 दिसम्बर तक पुलिस रिमांड पर भेजे आरोपी
पेपर लीक मामले में पकड़े गए 6 आरोपियों को हमीरपुर की एक कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें 28 दिसम्बर तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। आरोपियों में उमा आजाद, निखिल आजाद, संजीव शर्मा, नीरज, अजय शर्मा, तनु शर्मा शामिल हैं। रिमांड के दौरान आरोपियों से कड़ी पूछताछ होगी। लिखित परीक्षा रद्द कर दी थी।

क्या बोले एडीजीपी विजीलैंस
एडीजीपी विजिलैंस सतवंत अटवाल ने बताया कि शनिवार को विजिलैंस ने आरोपी महिला के घर पर सर्च रेड की। इस सर्च रेड के दौरान कई अहम दस्तावेज, 4 लाख की नकदी बरामद की गई है। बरामद किए गए दस्तावेजों की पूरी जांच-पड़ताल की जाएगी। पूरे मामले की कर्ताधर्ता महिला आरोपी ही है। अब तक 6 आरोपी पकड़ में आ चुके हैं।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here
 

Content Writer

Vijay