20 साल बाद देवधुन पर देवलुओं संग नाचे देवता डोमेश्वर गुठाण, रिज मैदान पर उमड़ी लोागों की भीड़

Sunday, Mar 01, 2020 - 08:27 PM (IST)

शिमला (योगराज): शिमला के रिज मैदान पर देवता डोमेश्वर गुठाण का 20 साल बाद जातर उत्सव मनाया गया। शिमला व सोलन जिलों की 18 ठकुराइयों और 22 रियासतों के प्रमुख देवता डोमेश्वर का पारंपरिक नृत्य रिज मैदान में आयोजित किया गया, जिसे देखने के लिए हजारों की संख्या में लोग रिज मैदान में पहुंचे। देवता का स्वर्ण जटित प्रतिमा युक्त पालकी का नृत्य आकर्षण का केन्द्र रहा। जातर उत्सव को देखने के लिए रिज मैदान पर खूब भीड़ जुटी। इस भीड़ में हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश एल. नारायण स्वामी सहित दूसरे न्यायाधीश व कई गण्यमान्य व्यक्ति भी मौजूद रहे।

जातर उत्सव के दौरान देव पालकी के चारों ओर देवलुओं का पारंपरिक वेशभूषा में परंपरागत चोल्टू नृत्य हुआ। देवता डोमेश्वर गुठाण के प्रमुख कारदार मदन लाल वर्मा ने बताया कि 20 साल बाद देवधुन पर यह देवनृत्य पेश किया जा रहा है। देवता तमाम शिमलावासियों को सुख एवं समृद्धि का आशीर्वाद दे रहे हैं। गौरतलब है कि यह परंपरा सदियों से चली आ रही है। माना जाता है कि डामेश्वर सदियों पहले हिमाचल के सोलन व शिमला क्षेत्र के एक प्रसिद्ध योद्धा थे, जिन्हें देवत्व प्राप्त हुआ।

Vijay