महिला आरक्षण के बाद अगला कदम डी-लिमिटेशन कमीशन बैठाने का : अनुराग

punjabkesari.in Saturday, Dec 16, 2023 - 10:32 PM (IST)

जसवां प्रागपुर/बिलासपुर (विशाल/ब्यूरो): विपक्ष राजनीति करने की बजाय सदन को चलने दे। यह बात केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने कही। अनुराग ठाकुर ने कहा कि 33 प्रतिशत महिला आरक्षण भाजपा ने दिया है। अगला कदम डी-लिमिटेशन कमीशन का बैठना है। केंद्रीय मंत्री जसवां प्रागपुर विधानसभा क्षेत्र के कलोहा में भाजपा के बूथ पालक की मीटिंग में आए हुए थे। इस मौके पर पूर्व मंत्री व विधायक बिक्रम ठाकुर भी उपस्थित रहे। मीटिंग में अनुराग ठाकुर ने भाजपा कार्यकत्र्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा को फिर से जीत दिलाने के लिए सभी कार्यकत्र्ताओं को मिलकर कड़ी मेहनत करनी होगी।  केंद्रीय मंत्री ने हिमाचल के सी.एम. के दुबई टूर पर कहा कि हिमाचल प्रदेश की जनता सी.एम. सुक्खू को ढूंढ रही है कि कब 1500 रुपए महिलाओं के खाते में आएंगे। कब 100 रुपए लीटर दूध खरीदा जाएगा। कब 2 रुपए किलो गोबर खरीदेंगे। कब 300 यूनिट बिजली मुफ्त मिलेगी।

भाजपा जीत की और कांग्रेस लगाएगी हार की हैट्रिक
इससे पहले बिलासपुर में केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि भाजपा आगामी लोकसभा चुनाव में जहां हिमाचल में लगातार चारों लोकसभा सीटें जीतने की हैट्रिक बनाने जा रही है वहीं केंद्र्र में भी मोदी सरकार की जीत की हैट्रिक लगने वाली है वहीं कांग्रेस हार की हैट्रिक लगाने जा रही है। कांग्रेस को भ्रष्टाचार की जननी की संज्ञा देते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस को जवाब देना होगा, कांग्रेस सांसद के पास मिले 353 करोड़ रुपए किसके हैं? अनुराग ठाकुर ने अपने संबोधन का समापन भगवान श्रीराम के जयघोष के साथ किया और साथ ही यह भी कहा कि 22 जनवरी को अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा के साथ करोड़ों लोगों का सपना व भाजपा का वायदा भी पूरा होने जा रहा है।

दुबई से नहीं आएगी कोई इन्वैस्टमैंट : बिक्रम
इससे पहले  पूर्व मंत्री एवं जसवां प्रागपुर के विधायक बिक्रम ठाकुर ने कहा कि सी.एम. दुबई छोड़कर पूरे विश्व में घूमते रहे, यहां कोई आने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि उद्योग कैसे आएंगे क्योंकि आज हिमाचल प्रदेश में बिजली सबसे महंगी हो गई है जो लीज 99 साल की होती थी, वह आज 40 साल की हो गई है। प्रदेश में धारा 118 की फाइल को चलाने के लिए 100 हथकंडे अपनाने पड़ते हैं। आज बद्दी-बरोटीवाला इंडस्ट्री एरिया का इंफ्रास्ट्रक्चर पूरी तरह से ध्वस्त हो गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News