हिमाचल के 11 जिलों में सजा जनमंच, लोगों ने सरकार के सामने रखीं 2076 शिकायतें

Sunday, Jul 07, 2019 - 09:47 PM (IST)

शिमला (योगराज): हिमाचल प्रदेश की जयराम सरकार द्वारा रविवार को आयोजित जनमंच कार्यक्रम में 2076 शिकायतें लोगों ने सरकार के सामने रखीं। प्रदेश के 11 जिलों में जनमंच कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला किन्नौर को छोड़कर प्रदेश के 11 विधानसभा क्षेत्रों में सरकार के मंत्री, विधानसभा उपाध्यक्ष, योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष और सरकार के चीफ व्हिप ने लोगों की समस्याएं सुनीं। अधिकांश समस्याओं का निपटारा मौके पर ही किया गया। इस बार सबसे अधिक मंडी जिला के जोगिंद्रनगर विधानसभा क्षेत्र के तहत के लड़भड़ोल में सबसे अधिक 326 शिकयतें आईं। यहां बागवानी मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने जनसमस्याएं सुनीं।

इसी तरह से सोलन जिला के नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र के तहत रामशहर में चीफ व्हिप नरेंद्र बरागटा के समक्ष 161 शिकायतें आईं।

चम्बा जिला के भरमौर विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य मंत्री विपिन परमार ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। उनके समक्ष 271 समस्याएं आईं और अधिकांश का निपटारा किया गया।

इसी तरह से शिमला जिला के चौपाल विधानसभा क्षेत्र के कुपवी में कुल 164 शिकायतें आईं। यहां शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज ने समस्याएं सुनीं।

कांगड़ा जिला के शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में उद्योग मंत्री विक्रम सिंह के साथ शहरी विकास मंत्री सरवीण चौधरी ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। यहां 116 शिकायतें आईं।

लाहौल-स्पीति के काजा में परिवहन मंत्री गोविंद्र सिंह ठाकुर ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की, यहां 142 शिकायतें आईं।

जिला सिरमौर के संगड़ाह के भोगधार में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. राजीव सहजल ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। उनके समक्ष 199 शिकायतें आईं, जिनमें से अधिकांश का निपटारा किया गया।

ऊना सदर में विधानसभा उपाध्यक्ष हंसराज ने जनसमस्याएं सुनीं। यहां 132 शिकायतें आईं। इस मौके पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सत्ती भी उनके साथ मौजूद रहे।

हमीरपुर जिला के सुजानपुर में ग्रामीण विकास मंत्री वीरेद्र कंवर ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की, यहां 102 शिकायतें आईं। इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल भी उनके साथ मौजूद रहे।

कुल्लू के निरमंड में कृषि मंत्री डॉ. रामलाल मारकंडा ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। उनके समक्ष 145 शिकायतें आईं। इस दौरान उन्होंने पौधारोपण भी किया।

इसी तरह से बिलासपुर के मल्यावर में योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष रमेश धवाला ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। यहां उन्होंने 318 शिकायतों का निपटारा किया।

Vijay