शिमला में महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार को लेकर गरजी कांग्रेस, वीरभद्र सिंह के सहारे 2022 में सत्ता वापसी का दावा

Wednesday, Mar 10, 2021 - 05:10 PM (IST)

शिमला (योगराज): बुधवार को शिमला में कांग्रेस ने जन आक्रोश रैली का आयोजन किया। रैली में जहां कांग्रेसी नेताओं ने केंद्र और प्रदेश की सरकार पर महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार को लेकर खूब हमला बोला, वहीं पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के सहारे प्रदेश में 2022 में कांग्रेस की सरकार बनाने का दावा किया। वीरभद्र सिंह को ही कांग्रेस पार्टी के शीर्ष नेतृत्व सहित प्रदेश के कांग्रेस नेताओं ने कमांडर बताते हुए कहा कि प्रदेश में 2022 में सत्ता वापसी की जिम्मेदारी वीरभद्र सिंह के कंधों पर ही होगी। कांग्रेस पार्टी में दूसरा ऐसा कोई नेता नहीं है जो पार्टी को चुनावों में जीत दिला सके।

कांग्रेस की जन आक्रोश रैली में हमेशा की तरह दिखी अनुशासन की कमी

जन आक्रोश रैली में हमेशा की तरह कांग्रेस कार्यकर्ताओं की अनुशासनहीनता देखने को मिली। कांग्रेस विधायकों को स्टेज तक पहुंचने में काफी जद्दोजहद करनी पड़ी और शीर्ष नेताओं के भाषण के दौरान कार्यकर्ताओं की नारेबाजी से वक्ता नाराज भी हुए और खुद राजीव शुक्ला ने कार्यकर्ताओं से जोश को जाया न करके 2022 के लिए बचा कर रखने की नसीहत भी दी। जन आक्रोश रैली में कांग्रेस हिमाचल प्रभारी राजीव शुक्ला, पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह,नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री सहित तमाम कांग्रेसी विधायक, नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

भाजपा भी मानी उनके मुख्यमंत्री नहीं हैं सक्षम : शुक्ला

हिमाचल प्रभारी राजीव शुक्ला ने कहा कि आज महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, बिगड़ती कानून व्यवस्था व जनहित के मुद्दों से निपटने में भाजपा सरकार असफल रही है। कांग्रेस ने इस जनसभा के माध्यम से 2022 में कांग्रेस की सरकार बनने का बिगुल बजा दिया है। शुक्ला ने कहा कि वीरभद्र सिंह के नेतृत्व में ही 2022 का चुनाव कांग्रेस लड़ेगी। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री को बदलने के सवाल पर शुक्ला ने कहा कि यह भाजपा का आंतरिक मामला है लेकिन भाजपा ने यह स्वीकार कर लिया है कि उनके मुख्यमंत्री सरकार चलाने में सक्षम नहीं है। मोदी सरकार ने सरकारी उपक्रम बेच दिए जिनको कांग्रेस सरकारों ने खड़ा किया था। अच्छे दिनों के सपने दिखा कर मोदी ने देश के लोगों को कंगाल कर दिया है। लोग चुनाव का इंतजार कर रहे हैं कि कब चुनाव हो और कब भाजपा को सत्ता से बाहर किया जाए।

आया राम गया राम की पार्टी में नहीं जगह,  2022 में होगी जनता की सरकार : वीरभद्र सिंह

पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने प्रदेश के बड़े नेताओं व विधायकों को नसीहत देते हुए कहा कि कांग्रेस की मजबूती के लिए सबको एक जुट होने की ज़रूरत है। संगठन में "आया राम गया राम" वाले नेताओं को कोई जगह नहीं होनी चाहिए। 2022 में प्रदेश में कांग्रेस पार्टी की ही सरकार बनेगी। कांग्रेस विधायकों को नहीं भूलना चाहिए कि वह कांग्रेस पार्टी की वजह से विधायक बने हैं इसलिए पहले पार्टी है और उसके बाद विधायक हैं।

मुकेश अग्निहोत्री की छोड़ अपनी कुर्सी बचाएं जयराम : मुकेश

नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि 2022 के चुनाव को लेकर कांग्रेस ने आज शिमला से बिगुल फूंका है जो अब कार्यकर्ता गांव-गांव में जाकर लोगों को सरकार की जन विरोधी नीतियों के खिलाफ जागरूक करेगा और 2022 में कांग्रेस पार्टी की  सरकार को सत्ता में काबिज होगी।नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि जो लोग आज उनको जमीन में गाड़ने की बात कर रहे हैं वह आज की इस रैली को देख ले और अपनी सोचें क्योंकि भाजपा में मुख्यमंत्री को बदलने का दौर शुरू हो गया है।

श्वेत पत्र जारी कर मुख्यमंत्री कोविड केयर फंड का ब्यौरा दें जयराम

वहीं कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस पार्टी एकजुट होकर भाजपा सरकार के खिलाफ लड़ाई लड़ रही है और 2022 में कांग्रेस सता में वापसी करेगी।प्रदेश की भाजपा सरकार ने जनता को कोरोना काल मे राहत देने के बजाय लूटने का काम किया है और घोटाले पर घोटाले किये है।सरकार ने विकास का कोई कार्य नहीं किया है मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर केवल होर्डिंग लगाने वाले मुख्यमंत्री ही साबित होंगे। मुख्यमंत्री कोरोना काल में मुख्यमंत्री कोविड केयर फण्ड में एकत्र हुए पैसे के खर्च का श्वेत पत्र जारी करे। रैली में वीरभद्र सिंह, विप्लव ठाकुर, सुधीर शर्मा, सुखविंदर सुक्खू वाले गुटों को एक साथ लाकर कांग्रेस ने एकजुटता का संदेश देने का भी प्रयास किया।

Content Writer

Vijay