राहुल कबड्डी-कबड्डी बोल कर चले गए जनता को समझ नहीं आया: जयराम

Friday, May 17, 2019 - 10:40 AM (IST)

पपरोला/चैलचौक/नेरवा (गौरव/हरीश/राजेंद्र): देश पर जब पड़ोसी देश हमला करता था तो उस समय की कांग्रेस सरकार केवल चिट्ठी भेज कर घटना की निंदा करती थी लेकिन जब से केंद्र में मोदी सरकार बनी है, हर घटना का करारा जवाब दिया जाता है। यह बात बैजनाथ विस क्षेत्र के धार चढ़ियार के भुलाणा में व नाचन के जाछ व शिमला के नेरवा में चुनावी जनसभाओं में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार का चुनाव केवल सरकार बनाने का चुनाव नहीं, ये चुनाव राष्ट्र की सुरक्षा को सुरक्षित हाथों में रखने वाला चुनाव है। जयराम ठाकुर ने कहा कि भारत देश अब पहले वाला भारत देश नहीं रहा जो के वल चिट्ठियों का आदान-प्रदान कर केवल निंदा कर सकता है। 

उन्होंने कहा कि पुलवामा हमले के बाद सेना द्वारा की गई एयर स्ट्राइक का सबूत विपक्ष मांग रहा था। ठाकुर ने कहा कि भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती विपक्ष के इन्हीं बोलों के बाद गुस्सैल हो जाते हैं और वे सही हैं। सी.एम. ने कहा कि सेना के पराक्रम के खिलाफ बोलने वाले विपक्ष को ऐसी बातें नहीं करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हाल ही में ऊना में हुई कांग्रेस की रैली में राहुल गांधी केवल कबड्डी-कबड्डी बोल कर चले गए, जनता को समझ नहीं आ सका कि ये क्या बोल कर गए जबकि दूसरी ओर पी.एम. हैं जब बोलते हैं उन्हें देश सुनता है।

जयराम ने कहा कि प्रदेश की सभी चारों सीटों पर कमल खिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनावों के बाद जल्द बैजनाथ का दौरा करेंगे और जनता व नेताओं की सभी मांगों को पूरा कर यहां विकास को चरम तक पहुंचाएंगे। पैर में मोच होने के बावजूद प्रचार करने पर सी.एम. ने कहा कि सब ईश्वर की कृपा है जोकि उन्हें हौसला देता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा को केंद्र में पुन: सत्तासीन बनाने के लिए युवा वर्ग एवं महिलाओं की भूमिका अहम होगी।

Ekta