अनिल शर्मा जितना चुप रहेंगे, उतने ही सुखी रहेंगे: जयराम

Monday, Apr 22, 2019 - 11:27 AM (IST)

मंडी/पधर/चौंतड़ा (ब्यूरो): मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि मातृशक्ति ने ठान लिया है कि नरेंद्र मोदी को पुन: प्रधानमंत्री बनाएंगे। पार्टी का लक्ष्य 400 पार अवश्य पूरा होगा। विधानसभा क्षेत्र द्रंग के अंतर्गत कुन्नू में भाजपा महिला मोर्चा द्रंग मंडल द्वारा आयोजित सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में महिलाओं की अहम भूमिका है तथा समाज में कोई भी कार्य महिलाओं के बिना संभव नहीं होता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि कौल सिंह 8 बार विधायक बनने के बावजूद मंडी के लिए कुछ विशेष नहीं कर पाए तो गलत बयानबाजी भी न करें।

उन्होंने कहा कि कौल सिंह ठाकुर ने सी.एम. बनने के लिए अपनी मूंछें तक मुंडवा ली थीं क्योंकि उनको लगता था कि आज तक जो भी सी.एम. बने, उनकी मूंछेें नहीं हैं लेकिन इस बार मूंछों वाला बन गया और ऐसा कहते ही जनसभा में जोरदार ठहाका लगा। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने अनिल शर्मा को भी एक बार फिर नसीहत दी है कि वह जितना चुप रहेंगे, उतना सुखी रहेंगे। मुंह खोला तो कई राज खुलेंगे। उन्होंने कहा कि दादू और पोतू ने स्कीम बनाई और हमारी सरकार में मंत्री अनिल शर्मा को अपने स्वार्थ के लिए हाशिए पर धकेल दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि मंडी में भी पंडित सुखराम अपने परिवार तक ही सीमित हैं लेकिन भाजपा पूरे देश के बारे में सोचती है।

सुखराम के दामाद भाजपा में शामिल

मंडी संसदीय सीट से कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी आश्रय शर्मा के घर में दरार पड़ गई है। उनके दादा कांग्रेस नेता पंडित सुखराम के दामाद जे.एन. गौड़ परिवार सहित भाजपा में शामिल हो गए हैं। 

वनरक्षक हरीश मौत मामले की जांच का आदेश

मुख्यमंत्री ने सराज की थरजून पंचायत के केलोधार के वनरक्षक हरीश की मौत के मामले की उचित जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि वनरक्षक की पत्नी सुनीता देवी ने परिजनों सहित मामले को एस.पी. मंडी के समक्ष उठाया है। तत्काल प्रभाव से मामले की उच्च स्तरीय जांच करने का आदेश पुलिस को दिया गया है।

राजनीति में इतना भी नया नहीं कि कांग्रेस प्रत्याशी के हर सवाल का जवाब दूं

जयराम ने कहा कि मंडी सीट से कांग्रेस प्रत्याशी आजकल कुछ ज्यादा ही सवाल पूछ रहे हैं और उनके इन सवालों का जवाब चुनाव नतीजों के बाद मिल जाएगा। उन्होंने कहा कि मैं राजनीति में इतना भी नया नहीं कि कांग्रेस प्रत्याशी के हर सवाल का जवाब देता फिरूं।

Ekta