CM जयराम ने सराज को दी करोड़ों की सौगातें (Watch Video)

Sunday, Jul 14, 2019 - 03:44 PM (IST)

मंडी (नीरज): आने वाले समय में सराज का नाम देश ही नहीं बल्कि विश्व के पर्यटन मानचित्र पर दिखाई देगा। जहां हिमाचल प्रदेश में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं, वहीं मंडी जिला का सराज क्षेत्र भी पाकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण है। यह बात मंडी जिला के सराज विधानसभा क्षेत्र के एक दिवसीय दौरे पर अपने गृह क्षेत्र में जनहित की करोड़ों रुपए की योजनाओं का शिलान्यास करने के उपरांत मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में कही। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने पूर्व की सरकारों पर मंडी जिला के सराज के साथ पर्यटन के क्षेत्र में अनदेखी का आरोप लगाया। उन्होंने पूर्व सरकारों पर हमला बोलते हुए कहा कि आज तक किसी ने सराज के पर्यटन के बारे में नहीं सोचा लेकिन अब सराज के जंजैहली में ही करोड़ों के प्रोजेक्ट आगे बढ़ें हैं।

उन्होंने कहा कि आज तक सराज में पर्यटन की मात्र बात ही हुई जबकि जमीनी स्तर पर काम अब दिखाई देने लगा है। जयराम कहा कि देश विदेशों में सराज के पर्यटन को जाना जाए इस बारे में सरकार लगातार प्रयास कर रही है। जिसके तहत कई योजनाओं के काम शुरू कर दिए गए हैं व कुछ के आने वाले समय में शिघ्र शुरू कर दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि अब वो दिन दूर नहीं होगा जब मंडी जिला के सराज का नाम विश्व के पर्यटन मानचित्र पर उभरेगा। उन्होंने इससे पूर्व थुनाग में लगभग 3 करोड की उठाउ पेयजल योजना की आधारशिला रखी। इसके बाद उन्होंने सीआरएफ के तहत लंबाथाच से थाची सड़क के स्तरोन्नत कार्य के लिए लगभग 100 करोड़ की योजना का शिलान्यास भी किया।

इसके बाद सीएम ने जरोल के स्कूल में सांइस लैब की आधारशिला रखी। इसके उपरांत जंजैहली में बिजली की समस्या के स्थाई समाधान के लिए ढीम कटारू में 33 केवी सब स्टेशन का शिलान्यास किया। इसके बाद प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने जंजैहली में चार दिवसीय सराज पर्यटन उत्सव का विधिवत समापन भी किया। इस दौरान स्थानीय महिला मंडलों के द्वारा अपने पारंपरिक परिधानों में सामाजिक बुराईयों के प्रति एक जागरूकता रैली भी निकाली। कार्यक्रम के दौरान सीएम के साथ मंडी के सांसद रामस्वरूप शर्मा, बल्ह के विधायक इन्द्र सिंह गांधी व विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Ekta