जयराम सरकार आज पूरा करेगी 3 साल का सफर, वर्चुअल होगा कार्यक्रम

Saturday, Dec 26, 2020 - 11:30 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में प्रदेश भाजपा सरकार 27 दिसम्बर को 3 साल का सफर पूरा करेगी। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा एवं मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर इस अवसर पर वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। प्रदेश भाजपा प्रभारी अविनाश राय खन्ना, सह-प्रभारी संजय टंडन, पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल, केंद्रीय वित्त एवं कॉर्पाेरेट मामले राज्यमंत्री अनुराग ठाकुर व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप भी इस कार्यक्रम से जुड़ेंगे।

पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार के कोरोना पॉजिटिव आने के कारण कार्यक्रम से जुडऩे की संभावना कम है। इस कार्यक्रम का मंडल स्तर पर सीधा प्रसारण किया जाएगा। इसके लिए मंडल स्तर पर 2 एलईडी स्क्रीनों की व्यवस्था की गई है। कोविड-19 के चलते प्रत्येक स्थान पर 50 से अधिक लोगों के एकत्र नहीं होंगे। कार्यक्रम का मुख्य केंद्र शिमला होगा, जहां से इसका संचालन किया जाएगा। इसके अलावा सोशल मीडिया के माध्यम से भी कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा जा सकेगा। कोरोना संक्रमण के चलते इस अवसर पर की जाने वाली 10,000 करोड़ रुपए की दूसरी ग्राऊंड ब्रेकिंग सैरेमनी टल गई है।

विपक्ष के पास 3 साल में कोई स्थायी मुद्दा नहीं : जयराम

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि विपक्षी कांग्रेस के पास सरकार के खिलाफ 3 साल में कोई स्थायी मुद्दा नहीं है। ऐसे में कांग्रेस को सरकार के खिलाफ झूठ बोलना बंद करना चाहिए। इससे पहले सरकारों के खिलाफ 6 माह के भीतर ही ज्वंलत मुद्दे सामने आ जाते हैं, तो चुनाव तक पीछा नहीं छोड़ते। उन्होंने कहा कि कोरोना के चलते सरकार को काम करने के लिए 2 साल ही मिले हैं, लेकिन फिर भी विकास कार्यों को प्रभावित नहीं होने दिया है।

आज काला दिवस मनाएगी कांग्रेस : राठौर

प्रदेश भाजपा सरकार के 3 साल पूरा होने पर 27 दिसम्बर के दिन को प्रदेश कांग्रेस काले दिवस के रूप में मनाएगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर का आरोप है कि 3 साल के कार्यकाल में भाजपा के पास गिनवाने के लिए कुछ नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह कार्यकाल कुशासन, विश्वासघात और बर्बादी का रहा है।

Vijay