Cabinet Meeting : 3 साल का अनुबंध पूरा करने वालों को जयराम सरकार का बड़ा तोहफा

Saturday, Feb 16, 2019 - 09:30 PM (IST)

शिमला: राज्य में आगामी 31 मार्च व 30 सितम्बर को 3 साल की अनुबंध अवधि पूरी करने वाले सरकारी कर्मचारियों को नियमित किया जाएगा। यह नियमितीकरण सरकार की अनुबंध कर्मचारियों को लेकर बनाई गई नीति के तहत होगा। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में शनिवार देर रात हुई मंत्रिमंडल बैठक में यह निर्णय लिया गया। सूत्रों के अनुसार सरकार के इस निर्णय से सैंकड़ों की संख्या में अनुबंध कर्मचारी नियमित होंगे, जिसमें शिक्षक भी शामिल हैं।

करसोग में खुलेगा पॉलीटैक्नीक संस्थान

जानकारी के अनुसार मंडी जिला के करसोग में पॉलीटैक्नीक संस्थान खोलने का भी निर्णय लिया गया है। इसके अलावा सिरमौर जिला के कोलावाल तथा चम्बा जिला के चुराह विधानसभा क्षेत्र में आई.टी.आई. खुलेंगी। सरकार ने पॉलीटैक्नीक संस्थानों में 44 क्रियाशील पदों को भरने का निर्णय लिया है।

भोरंज में आई.पी.एच. का डिवीजन

इसी तरह भोरंज में आई.पी.एच. का डिवीजन खुलेगा और अर्की में आई.पी.एच. का उपमंडल खुलेगा। सूत्रों के अनुसार बैठक में कई अन्य विषयों को लेकर भी चर्चा होने की सूचना है। मंत्रिमंडल की बैठक विधानसभा की शनिवार की कार्यवाही समाप्त होने के बाद शुरू हुई।

Vijay