केंद्र के समक्ष उठाए प्रदेश के विकास से जुड़े मसले, ज्यादा से ज्यादा मदद लाने के हमेशा रहे प्रयास : जयराम

Sunday, Jan 30, 2022 - 07:15 PM (IST)

शिमला (राक्टा): मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि उनके दिल्ली प्रवास को केंद्र के बजट से जोड़ना उचित नहीं है। प्रदेश के विकास से जुड़े विषयों को लेकर वह समय-समय पर दिल्ली जाते हैं, ऐसे में बीते दिनों एकदिवसीय दिल्ली प्रवास पर गए थे। इस दौरान 5 केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात की गई। इसके साथ ही पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से भी मुलाकात हुई। रविवार को मीडिया से अनौपचारिक बातचीत के दौरान एक सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के विकास के लिए केंद्र से ज्यादा से ज्यादा मदद लाने के हमेशा प्रयास रहते हैं। इस बार भी प्रयत्न किए गए। दिल्ली में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री से भी मुलाकात की थी, जिसके सार्थक परिणाम उसी दिन आ गए। इसके तहत नई एम्बुलैंस खरीदने की स्वीकृति के साथ आशा वर्करों के नए पदों को भरने की अनुमति मिल चुकी है। 3 मेडिकल काॅलेजों को लेकर और धनराशि उपलब्ध करवाने का मसला भी उठाया गया है। इसी तरह रेलवे विस्तार को लेकर भी चर्चा हुई है। साथ ही हिमाचल को विशेष अनुदान के माध्यम से मदद किए जाने का आग्रह किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकास के लिए केंद्र का पूरा सहयोग सरकार को मिल रहा है।

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर अर्पित की पुष्पांजलि

इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों की ओर से राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर ऐतिहासिक रिज मैदान पर उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। देश के लिए कुर्बान होने वाले शहीदों को स्मरण करते हुए उन्होंने कहा कि इनके द्वारा देश को आजाद करने के लिए दिए गए योगदान व बलिदान को हमेशा याद रखा जाएगा। इस अवसर पर कलाकारों ने देशभक्ति के गीत प्रस्तुत किए। शहीदी दिवस के अवसर पर 2 मिनट का मौन भी रखा गया। शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज, महापौर नगर निगम शिमला सत्या कौंडल सहित अन्य गण्यमान्य लोगों ने भी राष्ट्रपिता को श्रद्धांजलि अर्पित की।

बापू सभी के लिए प्ररेणा स्त्रोत : कुलदीप राठौर

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर समेत पार्टी के विभिन्न पदाधिकारियों ने उनके छायाचित्र पर अपने-अपने श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान राठौर ने कहा कि सत्य और अङ्क्षहसा के पुजारी महात्मा गांधी आज भी सभी के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। कांग्रेस उनकी विचारधारा के साथ आगे बढ़ रही है। इस दौरान कांग्रेस नेता यशपाल तनाईक, सत्य जीत नेगी, जितेंद्र चौधरी, जैनब चंदेल, सेनराम नेगी, राजेश वर्मा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay