सदन में गूंजा किडनी ट्रांसप्लांट केंद्र का मामला, जानिए क्या बोले स्वास्थ्य मंत्री (Video)

Tuesday, Feb 12, 2019 - 04:47 PM (IST)

शिमला (राजीव): हिमाचल में जल्द ही किडनी ट्रांसप्लांट की सुविधा मिलेगी। किडनी ट्रांसप्लांट को लेकर सरकार द्वारा डॉक्टरों को चंडीगढ़ ओर दिल्ली भेजा गया है, जिसके बाद प्रदेश में ही किडनी ट्रांसप्लांट की सुविधा लोगो को मिलेगी। ये जानकारी मंगलवार को सदन में स्वास्थ्य मंत्री विपिन परमार ने कांग्रेसी विधायक राम लाल ठाकुर की ओर से पूछे गए प्रश्न के उत्तर में दी। मंगलवार को सदन में  प्रश्नकाल के दौरान कांग्रेसी विधायक ने किडनी ट्रांसप्लांट केंद्र का मामला उठाया। उन्होंने किडनी ट्रांसप्लांट को लगाने में हो रही देरी पर सरकार को घेरा।

कितने डॉक्टर प्रशिक्षण के लिए भेजे

उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री से पूछा कि सरकार ने प्रदेश में किडनी ट्रांसप्लांट केंद्र्र स्थापित करने का निर्णय लिया है लेकिन गत 2 वर्षों में किडनी ट्रांसप्लांट के प्रशिक्षण हेतु कितने चिकित्सक पी.जी.आई. चंडीगड़ और अन्य स्थानों में भेजे गए। प्रशिक्षण पर सरकार ने कितनी धनराशि खर्च की इसका ब्यौरा दिया जाए। विधायक ने कहा कि पिछले 2 वर्षों से प्रदेश में किडनी ट्रांसप्लांट की सुविधा देने की बात कही जा रही है लेकिन अभी तक यहां लोगों को ये सुविधा नहीं मिल रही है, जिसके चलते उन्हें बाहरी राज्यों का रुख करना पड़ रहा है।

8 डॉक्टर प्रशिक्षण के लिए नई दिल्ली व पी.जी.आई. भेजे

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि किडनी ट्रांसप्लांट के प्रशिक्षण हेतु 8 डॉक्टर भेजे गए हैं, जिनमें डॉ. राकेश चौहान आचार्य शल्य चिकित्सा विभाग को पी.जी.आई. चंडीगढ़, डॉ. पमपोश रैना विभागाध्यक्ष यूरोलॉजी को एम्स न्यू दिल्ली, डॉ. सुरेंद्र सिंह विभागाध्यक्ष एनेस्थीसिया को पी.जी.आई. चंडीगढ़, डॉ. गिरीश यूरोलॉजी को एम्स न्यू दिल्ली, डॉ. दारा सिंह एनेस्थीसिया को एम्स, डॉ. पूजा मुरगई पैथोलॉजी को पी.जी.आई. चंडीगढ़, डॉ. ललिता नेगी पैथोलॉजी को पी.जी.आई. चंडीगढ़ और डॉ. कार्तिक सयाल एनेस्थीसिया को प्रशिक्षण के लिए एम्स नई दिल्ली भेजा गया है। जैसे ही ये डॉक्टर प्रशिक्षण लेकर वापस आते हंै वैसे ही किडनी ट्रांसप्लांट की सुविधा यहां लोगों को दी जाएगी।

Vijay