अनुराग ने संसद में पूछा CU पर सवाल तो मिला यह जवाब

Tuesday, Jan 01, 2019 - 01:40 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): लोकसभा में पार्टी चीफ व्हिप और सांसद अनुराग ठाकुर ने संसद की कार्यवाही के प्रश्नकाल में हिमाचल में केंद्रीय विश्वविद्यालय के शिलान्यास पर एच.आर.डी. मंत्री प्रकाश जावड़ेकर से प्रश्न पूछा, जिस पर जवाब देते हुए एच.आर.डी. मंत्री ने जल्द ही शिलान्यास का भरोसा दिया है। संसद की कार्यवाही के दौरान अनुराग ठाकुर ने कहा कि हिमाचल में छात्रों को गुणात्मक शिक्षा उपलब्ध करवाने के लिए वर्ष 2009 में जब प्रदेश में भाजपा की सरकार थी तो उस दौरान केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने हिमाचल में केंद्रीय विश्वविद्यालय के लिए 70 प्रतिशत कैंपस देहरा और 30 प्रतिशत कैंपस धर्मशाला की मंजूरी दी थी। 

उन्होंने कहा कि देहरा में सी.यू. के लिए 9 हजार कनाल भूमि दे दी गई, साथ ही इसकी एन.ओ.सी. भी दे दी गई है। इसी तरह सारी औपचारिकताएं भी पूरी कर ली गई हैं। हालांकि पिछली कांग्रेस सरकार ने सी.यू. की स्थापना को रोकने के लिए हरसंभव प्रयास किए और कैंपा फंड जो सीधे मंजूरी के बाद तुरंत जमा करना था, वही नहीं किया और कई वर्षों तक इसे रोके रखा। अब जबकि सारी औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं तो एच.आर.डी. मंत्री बताएं कि देहरा में सैंट्रल यूनिवर्सिटी कब खुलेगी।

सांसद अनुराग ठाकुर के सवाल पर जवाब देते हुए केंद्रीय एच.आर.डी. मंत्री ने कहा कि जिस समय देहरा और धर्मशाला में सैंट्रल यूनिवर्सिटी के दोनों परिसरों को स्थापित करने का निर्णय लिया गया, उस समय वे ही पर्यावरण मंत्री थे। उन्होंने कहा कि अगस्त, 2015 को 81.79 हैक्टेयर वन भूमि देहरा में 70 प्रतिशत केंद्रीय विश्वविद्यालय का मुख्य कैंपस स्थापना के लिए प्रस्तावना को विधिवत मंजूरी दे दी थी। धर्मशाला और देहरा दोनों के शिलान्यास की तैयारी है और प्रक्रिया अंतिम चरण में है तथा जल्द ही दोनों जगहों का शिलान्यास कर दिया जाएगा।


 

Ekta