Kangra: हिमाचल कैडर के IPS अधिकारी विमुक्त रंजन राष्ट्रपति पदक से सम्मानित

punjabkesari.in Thursday, Aug 14, 2025 - 10:59 PM (IST)

धर्मशाला (सौरभ): प्रधानमंत्री सहित अन्य गण्यमान्य व्यक्तियों की सुरक्षा का जिम्मा संभालने वाले स्पैशल प्रोटैक्शन ग्रुप (एसपीजी) में डीआईजी के पद पर सेवाएं दे रहे हिमाचल कैडर के 2009 बैच के अखिल भारतीय पुलिस सेवा अधिकारी विमुक्त रंजन को उनकी विशिष्ट सेवाओं के लिए प्रतिष्ठित राष्ट्रपति पदक से सम्मानित किया गया है। वर्ष 2023 में नई दिल्ली में प्रतिनियुक्ति पर जाने से पहले रंजन ऊना स्थित वनगढ़ बटालियन के कमांडैंट पद पर सेवारत रहे। वह जिला कांगड़ा के पुलिस अधीक्षक भी रह चुके हैं, साथ ही मैक्लोडगंज में तिब्बती धर्मगुरु दलाईलामा की सुरक्षा का जिम्मा भी संभाल चुके हैं। हमीरपुर निवासी विमुक्त रंजन ने राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला से स्नातक की डिग्री प्राप्त की है। राष्ट्रपति पदक मिलने पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए विमुक्त रंजन ने कहा कि वह खुद को सम्मानित महसूस कर रहे हैं व राष्ट्र के प्रति कृतज्ञ हैं।

एसपी कांगड़ा रहते नशा तस्करों के खिलाफ छेड़ा अभियान
बता दें कि कांगड़ा जिले के पुलिस अधीक्षक के पद पर कार्यरत रहने के दौरान उन्होंने कानून व्यवस्था बनाए रखने और नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कोविड काल में दिन-रात सेवाएं देते हुए वह गम्भीर रूप से संक्रमित हो गए थे, लेकिन उन्होंने अपनी ड्यूटी से पीछे हटना गवारा नहीं समझा। उनकी गिनती प्रदेश के तेजतर्रार पुलिस अफसरों में की जाती है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News