हिमाचल के इस IPS Officer को मिला International Award, पढ़ें खबर

Thursday, Aug 29, 2019 - 05:33 PM (IST)

शिमला: हिमाचल प्रदेश के जुब्बड़हट्टी निवासी आईपीएस रामेश्वर सिंह ठाकुर को अमेरिका के प्रतिष्ठित पुरस्कार क्लार्क आर बेविन लॉ एनफोर्समैंट अवार्ड से नवाजा गया है। उन्हें यह सम्मान 20 अगस्त को जेनेवा में दिया गया। आईपीएस 2003 बैच के अधिकारी इन दिनों केंद्र सरकार में प्रतिनियुक्ति पर हैं। यह पुरस्कार अमेरिका के एनिमल वैल्फेयर इंस्टीच्यूट से विश्व से ऐसे अधिकारियों को दिया जाता है जो वाइल्ड लाइफ क्राइम (वन्य प्राणियों के अंगों की अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर होने वाली तस्करी) रोकने में अहम भूमिका निभाते हैं। रामेश्वर ठाकुर को यह पुरस्कार तस्करी रोकने को खुफिया नैटवर्क स्थापित करने के कार्य के लिए दिया है। पुरस्कार लेने के बाद से वह अमेरिका में वाइल्ड लाइफ विषय पर प्रशिक्षण लेने वाशिंगटन गए हैं।

रामेश्वर की उपलब्धियों की फेहरिस्त लंबी

रामेश्वर के बड़े भाई जगदीश ठाकुर, रामगोपाल ठाकुर, राजेंद्र ठाकुर व नंदलाल ठाकुर ने बताया कि अपने अब तक के पुलिस अधिकारी के सेवाकाल में उनकी उपलब्धियों की फेहरिस्त लंबी है। पंजाब के फिल्लौर में पुलिस प्रशिक्षण में इन और आऊटडोर गतिविधियों में प्रथम पुरस्कार मिला था। वह 9 साल तक प्रधानमंत्री के विशेष सुरक्षा बल, एसपीजी में सेवाएं दे चुके हैं। 2016 में उन्हें राष्ट्रपति पुलिस पदक मिल चुका है। 1994 में पुलिस में जाने से पहले वह 1990 में भारतीय सेना से बतौर कैप्टन सेवानिवृत्त हुए। वर्तमान में हिमाचल पुलिस में डीआईजी पद पर हैं।

Vijay