IPH मंत्री ने सुखराम परिवार पर साधा निशाना, बोले-पौते की नाव पार नहीं लगा सकते दादा के आंसू

Sunday, May 12, 2019 - 07:24 PM (IST)

मंडी (पुरुषोत्तम): प्रदेश सरकार में आई.पी.एच. मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि वंशवाद में फंसे दादा सुखराम के घडिय़ाली आंसू पोते आश्रय शर्मा की पतवार नहीं बन पाएंगे। पहले सुखराम वर्षों तक अपने बुढ़ापे की दुहाई देकर जनता से वोट मांगते रहे फिर उन्होंने अपने पुत्र के लिए आंसू बहाए लेकिन अब वह आंसुओं के सहारे पोते को भी संसद में भेजना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि जब पूरा देश एक बार फिर नरेंद्र मोदी के साथ खड़ा है तो मंडी की समझदार जनता खुद को मुख्यधारा से अलग-थलग कैसे रख सकती है। उन्होंने कहा कि मंडी के लोगों को सुखराम के आंसुओं की बजाय अपने संसदीय क्षेत्र और प्रदेश के विकास की परवाह है।

परिवार के प्रति जरूरत से ज्यादा बढ़ता जा रहा सुखराम का मोह

उन्होंने कहा कि सुखराम का मैं निजी तौर पर बहुत सम्मान करता हूं लेकिन ऐसा लगता है कि बढ़ती उम्र के कारण उनका अपने परिवार के प्रति मोह जरूरत से ज्यादा बढ़ता जा रहा है। उन्होंने कहा कि चुनाव में हार के डर से पहले कांग्रेस का कोई नेता टिकट लेने को तैयार नहीं था। इसलिए सुखराम ने आंसू बहाकर अपने पोते को टिकट दिलवा दिया।

क्या सुखराम के आंसू मंडी की बुनियादी समस्याएं हल कर पाएंगे

उन्होंने कहा कि यह बात मंडी की ही नहीं बल्कि पूरे प्रदेश की जनता जानती है कि जयराम ठाकुर के मुख्यमंत्री बनने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिमाचल को दिल खोलकर आर्थिक सहायता दी है तथा केंद्र में दोबारा प्रधानमंत्री बनने पर मोदी फिर से हिमाचल को विकास के लिए आर्थिक मदद देंगे। इससे मंडी की जनता का भी भला होगा लेकिन सवाल ये है कि क्या सुखराम के आंसू मंडी की बुनियादी समस्याएं हल करने में सहायक हो सकते हैं।

जनता ने रामस्वरूप को संसद में भेजने का बनाया मन

उन्होंने कहा कि 5 साल तक लगातार जनता की सेवा करने वाले ईमानदार सांसद रामस्वरूप शर्मा एक बार फिर भाजपा की ओर से मैदान में उतरे हैं। उनको दिया गया एक-एक वोट सीधे मोदी तक पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि इस बार फिर जनता ने रामस्वरूप को संसद में पहुंचाने का मन बना लिया है।

Vijay