IPH मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर को देशभर में चुना सर्वश्रेष्ठ क्षमतावान मंत्री

Thursday, Jul 18, 2019 - 08:51 PM (IST)

सरकाघाट: हिमाचल प्रदेश के कैबिनेट मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर देश के सभी राज्यों के मंत्रियों में सर्वश्रेष्ठ मंत्री के तौर पर चुने गए हैं। फेम इंडिया मैगजीन ने सर्वे एजैंसी एशिया पोस्ट के साथ मिलकर सर्वश्रेष्ठ मंत्री-2019 के लिए देशभर की राज्य सरकारों पर सर्वे किया और व्यक्तित्व छवि, कार्यक्षमता, प्रभाव, विभाग की समझ, लोकप्रियता, दूरदर्शिता और कार्यशैली व परिणाम जैसे 7 बिंदुओं पर देश के सभी राज्यों के मंत्रियों का 21 अलग-अलग कैटेगरी में आकलन हुआ। इस सर्वे में ऑनलाइन रायशुमारी के अतिरिक्त देशभर के करीब 12,700 प्रबुद्ध लोगों की राय भी ली गई। फेम इंडिया के सदस्य अंजु भरमौरिया ने बताया कि यह हमारे लिए बहुत गर्व कि बात है कि उपरोक्त सर्वे में हिमाचल प्रदेश के कैबिनेट मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर देश के सभी राज्यों के मंत्रियों में सर्वश्रेष्ठ क्षमतावान मंत्री के तौर पर चुने गए हैं।

गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में नाम दर्ज करने की सिफारिश

5 अलग-अलग चुनाव चिन्हों पर लगातार 5 चुनावों में विधानसभा के लिए चुने जाने के कारण इनका नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज करने की सिफारिश की गई है। वर्ष 1990 से इनकी जीत का ऐसा सिलसिला चला जो आज तक अनवरत जारी है। वह लगातार 7 बार विधायक रह चुके हैं और लगभग सभी पार्टियां इन्हें अपनी तरफ  मिलाने में जुटी रहती हैं। वर्तमान में वह राज्य के सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य मंत्री हैं।

साधारण परिवार में हुआ था जन्म

महेंद्र सिंह ठाकुर का जन्म 22 फरवरी, 1950 को हिमाचल प्रदेश के चंज्यर (रिछली) जिला मंडी के एक साधारण परिवार में हुआ था। इंटर मीडिएट तक की पढ़ाई के बाद यह 15 जनवरी, 1969 को डोगरा रैजीमैंट में शामिल हो गए और 1971 के भारत-पाक युद्ध में भी भाग लिया था तथा युद्ध के बाद वर्ष 1973 में सेना से अवकाश ले लिया। दिल में समाज की बेहतरी के लिए कुछ करने की चाहत थी, इसलिए राजनीति में आने का इरादा किया। एक साधारण परिवार से राजनीति में आकर उन्होंने कई कीर्तिमान स्थापित किए, जिससे आज भी एक बड़ा वर्ग उनका मुरीद है।

Vijay